जयपुर की 19 पंचायत समितियों में प्रशासक नियुक्त, जिला कलक्टर संदेश नायक ने जारी किए आदेश
जयपुर जिले की 19 पंचायत समितियों में प्रशासक नियुक्त किए गए हैं। जिला कलक्टर संदेश नायक ने आदेश जारी कर जिम्मेदारियां तय की हैं।
जयपुर जिले की 19 पंचायत समितियों में अब प्रशासक नियुक्त किए गए हैं। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जयपुर संदेश नायक ने राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 95 तथा धारा 101 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रशासकों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, प्रशासकों की नियुक्ति संबंधित पंचायत समिति के नवनिर्वाचन के बाद गठित पंचायत समिति की प्रथम बैठक की तिथि से ठीक पूर्ववर्ती दिन तक प्रभावी रहेगी। नियुक्त प्रशासक संबंधित पंचायत समिति के कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
आदेश के तहत आमेर पंचायत समिति में उपखण्ड अधिकारी आमेर को प्रशासक नियुक्त किया गया है। आंधी एवं जमवारामगढ़ पंचायत समितियों में उपखण्ड अधिकारी जमवारामगढ़, बस्सी एवं तुंगा में उपखण्ड अधिकारी बस्सी तथा चाकसू एवं कोटखावदा में उपखण्ड अधिकारी चाकसू को प्रशासक बनाया गया है।
दूदू पंचायत समिति में उपखण्ड अधिकारी दूदू, गोविंदगढ़ में उपखण्ड अधिकारी चौमूं, जालसू में उपखण्ड अधिकारी रामपुरा डाबड़ी, झोटवाड़ा में उपखण्ड अधिकारी जयपुर और जोबनेर में उपखण्ड अधिकारी जोबनेर को प्रशासक नियुक्त किया गया है।
इसी तरह किशनगढ़-रेनवाल में उपखण्ड अधिकारी किशनगढ़-रेनवाल, माधोराजपुरा में उपखण्ड अधिकारी माधोराजपुरा, मौजमाबाद में उपखण्ड अधिकारी मौजमाबाद, फागी में उपखण्ड अधिकारी फागी, सांभरलेक में उपखण्ड अधिकारी सांभरलेक, सांगानेर में उपखण्ड अधिकारी सांगानेर और शाहपुरा में उपखण्ड अधिकारी शाहपुरा को प्रशासक नियुक्त किया गया है।
इस प्रशासनिक आदेश के तहत जयपुर जिले की 19 पंचायत समितियों में नियुक्त प्रशासक संबंधित पंचायत समितियों के कार्यों और दायित्वों का निर्वहन करेंगे। नियुक्ति की अवधि संबंधित पंचायत समिति के नवनिर्वाचन के बाद गठित पंचायत समिति की प्रथम बैठक से ठीक पहले वाले दिन तक निर्धारित की गई है।