तस्वीर में प्लास्टिक के डिब्बे और बिस्तर पर रखे भारतीय मुद्रा के नोटों के बंडल दिख रहे हैं।

टोंक जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में जुआ-सट्टा, चोरी-नकबजनी, मादक पदार्थ और साइबर अपराध के खिलाफ की गई कार्रवाई में छह अलग-अलग मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। निवाई में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क पर कार्रवाई के दौरान 33 लाख 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए, जबकि करीब 5 लाख रुपये की ऑनलाइन गैंबलिंग-सट्टे की मास्टर आईडी की लाइनें भी मिलीं। वहीं, मोग्या-कछुआ गैंग से जुड़े दो आरोपियों की गिरफ्तारी से करीब एक दर्जन चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा हुआ। एक अन्य मामले में करीब 30 लाख रुपये के जिम उपकरणों से भरे ट्रक की चोरी का मुख्य आरोपी उसी ट्रक का चालक निकला, जिसे पुलिस ने करीब 450 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद गिरफ्तार किया।

डीएसटी टीम टोंक और थाना निवाई पुलिस ने ऑनलाइन जुआ-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपी राजाराम गुर्जर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सट्टे की 33 लाख 25 हजार रुपये की नकद राशि बरामद की गई। जांच के दौरान करीब 5 लाख रुपये की ऑनलाइन गैंबलिंग-सट्टे की मास्टर आईडी की लाइनें भी मिलीं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं और ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

थाना निवाई पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ के दौरान मोग्या और कछुआ गैंग से जुड़े शोभाग उर्फ नाथर मोग्या और नरेन्द्र मोग्या को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले सुनसान मकानों तथा कृषि भूमि पर लगे ट्यूबवेल और सोलर प्लांटों की रैकी करते थे और मौका देखकर चोरी तथा नकबजनी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों के कब्जे से सोलर प्लांट से चोरी की गई डीसी वायर केबल बरामद की गई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने करीब एक दर्जन चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया।

थाना दत्तवास पुलिस ने 21 अगस्त 2026 की रात एनएच-11ए पर होटल रावत पैलेस के सामने से चोरी हुए ईचर ट्रक और उसमें लदे करीब 30 लाख रुपये कीमत के जिम उपकरणों की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और टोल टैक्स फुटेज की मदद से ट्रक का करीब 450 किलोमीटर तक पीछा किया। इसके बाद आरोपी कुंवर सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उसी ट्रक का ड्राइवर था। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



 


नशा मुक्त टोंक अभियान के तहत डीएसटी टीम टोंक और थाना कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना बहीर क्षेत्र से 1 किलो 232 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

ऑपरेशन साइबर वॉर के तहत थाना निवाई पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह को फर्जी सिम और संदिग्ध बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले आरोपी अंकित कुमार बैरवा को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है।

थाना अलीगढ़ पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार मीणा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी 10 प्रतिशत कमीशन के बदले साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खातों में मंगवाता था। जांच में उसके बैंक खातों में दो लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की राशि जमा होने की जानकारी सामने आई है। टोंक पुलिस की इन कार्रवाइयों में सट्टेबाजी, चोरी, मादक पदार्थ और साइबर ठगी से जुड़े मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कई वारदातों की जांच आगे बढ़ी है।

Tags: