तस्वीर में हाथ जोड़कर महिलाओं का अभिवादन करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 

जयपुर में रविवार, 30 अगस्त को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर बड़ी संख्या में महिलाओं और विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां एपिसोड सुना। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तीकरण, नशा मुक्त युवा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी और देश के विविध इलाकों के लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों से रूबरू करवाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक छोटा आइडिया बड़े बदलाव का कारण बन सकता है। उन्होंने देश की युवा पीढ़ी से आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने विचारों और नवाचारों को आगे बढ़ाते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दें। महिला सशक्तीकरण का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि पीएम स्वनिधि योजना में लगभग 46 प्रतिशत यानी 35 लाख से अधिक लाभार्थी महिलाएं हैं, जो अपने छोटे-छोटे व्यापार को बड़े कारोबार में तब्दील कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की और कहा कि 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान में जिस प्रकार युवाओं की भागीदारी देखने को मिल रही है, वह बेहद प्रशंसनीय है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि स्वच्छता अभियान में भी युवा आगे बढ़कर भाग ले रहे हैं और विशेष पहलों के जरिए मिसाल कायम कर रहे हैं।

विशेष प्रसारण के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार मातृशक्ति के लिए कल्याणकारी योजनाएं ला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जन-धन खाते, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना एवं पीएम स्वनिधि योजना जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश की महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए महिलाओं को सशक्त करना अत्यंत जरूरी है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने पिछले तीनों बजट में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं के साथ रायशुमारी की और उनके अमूल्य सुझावों को बजट में शामिल भी किया। इसके अतिरिक्त, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेधावी छात्राओं को साइकिल एवं स्कूटी वितरित की जा रही हैं, जबकि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मा योजना के तहत निशुल्क जांच एवं सोनोग्राफी जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री शर्मा ने आगे बताया कि राजीविका के जरिए महिलाओं का सामाजिक एवं आर्थिक विकास सुनिश्चित किया जा रहा है और आशा सहयोगनियों के मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इसी प्रकार बैंक सखी और पशु सखी जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया जा रहा है। महिलाओं का सामाजिक-आर्थिक विकास सुनिश्चित करने तथा शिक्षा व चिकित्सा के जरिए सुदृढ़ भविष्य तैयार करने की दिशा में ये प्रशासनिक कदम बेहद निर्णायक साबित हो रहे हैं।