ब्यावर में गुरुवार को पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के भाग द्वितीय के तहत 116 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान संपन्न हुआ। सुबह 7 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गांव की सरकार चुनने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। देर रात मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए।

राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार जैतारण, जवाजा, रास और नरबदखेड़ा पंचायत समिति की 116 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान कराया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर कमलराम मीना ने बताया कि मतदान प्रक्रिया के लिए कुल 414 मतदान केंद्र और दो सहायक मतदान केंद्र बनाए गए थे।

निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई। 75 अति संवेदनशील एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों पर ब्यावर, पाली और भीलवाड़ा जिला पुलिस का अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कमलराम मीना और जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मतदान के दौरान निर्वाचन क्षेत्र के पुरुषों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, युवाओं और नवमतदाताओं ने लोकतंत्र के इस चुनावी पर्व में भागीदारी निभाई। सभी ने मतपत्र के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन आयोग के चुनाव पर्यवेक्षक भागीरथ विश्नोई, आरएएस, लगातार जिला प्रशासन के अधिकारियों से मतदान प्रक्रिया की जानकारी लेते रहे और सुचारू मतदान को लेकर अपडेट प्राप्त करते रहे।

निर्वाचन विभाग के अनुसार पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए कुल 3 लाख 85 हजार 950 मतदाता पंजीकृत किए गए थे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए गए। इसके साथ ही 116 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण पूरा हुआ। अब शुक्रवार को उप सरपंच पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा।

Tags: