ब्यावर नगर परिषद से अजमेर के लिए पीएम ई-बस सेवा का शुभारंभ कर हरी झंडी दिखाते जनप्रतिनिधि।

ब्यावर के वाशिंदों को छोटी दीपावली पर ई-बस सेवा की सौगात मिली। शनिवार सुबह 10:15 बजे नगर परिषद के मुख्य द्वार से पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत ब्यावर-अजमेर के बीच संचालित होने वाली आधुनिक सुविधाओं से युक्त ई-बस का शुभारंभ किया गया। विधायक शंकर सिंह रावत ने बस को हरी झंडी दिखाकर और फीता काटकर सेवा का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर ई-बस के चालक शाहरूख खां और परिचालक गोविंद सिंह का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। बस का पंजीकरण नंबर आरजे-01पीए9187 है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन सहित विभिन्न सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। ब्यावर से अजमेर तक का किराया प्रति यात्री 70 रुपये निर्धारित किया गया है।

शुभारंभ कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़, नगर परिषद आयुक्त कीर्ति कुमावत, भाजपा नेता जय किशन बल्दुआ, राजस्व अधिकारी मोहिंदर राय फुलवारी और पैरोकार मनोज शर्मा सहित पार्षद एवं नगर परिषद के कार्मिक मौजूद रहे।

पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत शुरू हुई इस बस सेवा से ब्यावर और अजमेर के बीच यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं एवं सुरक्षा उपकरणों से युक्त सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध होगी। छोटी दीपावली पर शुरू हुई यह सेवा क्षेत्र के परिवहन नेटवर्क में एक नई शुरुआत है।

Tags: