त्योहारी सीजन में बढ़ते यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने खातीपुरा (जयपुर) और पटना के बीच साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों दिशाओं में कुल 04-04 ट्रिप चलाई जाएंगी। यह विशेष रेलसेवा नवंबर और दिसंबर के शुरुआती दिनों में यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराएगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09715 खातीपुरा (जयपुर)-पटना साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 09.11.26 से 30.11.26 तक कुल 04 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन खातीपुरा से प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12.00 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10.30 बजे पटना पहुंचेगी।

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 09716 पटना-खातीपुरा (जयपुर) साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 10.11.26 से 01.12.26 तक कुल 04 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन पटना से प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 12.00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 09.25 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में संचालित होने वाली यह स्पेशल रेलसेवा बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा एवं दानापुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे ने इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 डिब्बों की व्यवस्था की है। इनमें 01 सैकण्ड एसी, 08 थर्ड एसी, 02 थर्ड एसी इकोनॉमी, 03 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी के डिब्बे तथा पावरकार शामिल होंगे। त्योहारों के दौरान खातीपुरा और पटना के बीच अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए इस साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जा रहा है।

Tags: