तस्वीर में उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा एक रेलकर्मी को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान करते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य अधिकारी भी मौजूद हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार, 01 सितम्बर 2026 को संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में संरक्षित रेल संचालन और यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ आगामी त्यौहारों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तथा अन्य अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान संरक्षा, यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षित रेल संचालन, आगामी त्यौहारों की तैयारियों, ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता, इंफ्रास्ट्रक्चर, कार्य निष्पादन, निर्माण कार्य, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की फेसिंग तथा आय बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सामंजस्य और समन्वय के साथ सभी कार्य लक्ष्यानुसार समय पर पूरे किए जाएं। निर्माण परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा कवच के कार्य को अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों के निष्पादन में गति लाने के साथ संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतर्कता और सजगता से कार्य करने पर भी जोर दिया गया।

आगामी त्यौहारों को देखते हुए महाप्रबंधक ने व्यापक तैयारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्टेशनों पर साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, अतिरिक्त भीड़ के प्रबंधन और ट्रेनों के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया गया।

श्री पंकज शर्मा ने सभी विभागाध्यक्षों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही संरक्षित रेल संचालन के लिए अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा अभियान चलाने को कहा। सुरक्षित रेल संचालन के लिए ट्रैक की सुरक्षा और नियमित पेट्रोलिंग के साथ विद्युत एवं संकेत उपकरणों पर विशेष निगरानी रखने तथा उनका समुचित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक के दौरान संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 09 रेलकर्मियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यानुसार कार्य निष्पादन पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि समयानुसार रेल उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने मुख्यालय स्तर पर अनुमोदित होने वाले कार्यों के निष्पादन में पूरा सहयोग प्रदान किए जाने का आश्वासन भी दिया।

Tags: