भारतीय रेलवे ने गुजरात के भावनगर पारा (बीवीपी) यार्ड के पुनर्निर्माण के लिए लगभग 125 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना का उद्देश्य भावनगर में रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ परिचालन क्षमता बढ़ाना और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

भावनगर टर्मिनस (बीवीसी) पर बढ़ती भीड़ और परिचालन दबाव को कम करने के लिए भावनगर पारा यार्ड का पुनर्निर्माण किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद ट्रेनों के ठहराव और अन्य परिचालन गतिविधियों को भावनगर पारा में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे भावनगर टर्मिनस पर भीड़भाड़ कम होगी और ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारू रूप से किया जा सकेगा।

यार्ड में अतिरिक्त बुनियादी ढांचा विकसित होने से रैक के विलंब को कम करने और ट्रेनों की समय की पाबंदी में सुधार करने में मदद मिलेगी। साथ ही, भावनगर पारा में ट्रेनों की आवाजाही का बेहतर प्रबंधन संभव होगा, जिससे परिचालन में अधिक सुगमता आएगी।

पुनर्निर्माण परियोजना के तहत चार लूप लाइनें, एक इंजन रिवर्सल लाइन, एआरटी और एआरएमई साइडिंग का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन एवं ईआई भवन का स्थानांतरण, एक उच्च स्तरीय यात्री प्लेटफार्म का निर्माण, वर्तमान प्लेटफार्म का चौड़ीकरण, मौजूदा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का विस्तार और एक नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण भी परियोजना में शामिल है।

परियोजना में दो रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) भी बनाए जाएंगे। इनमें एक नया आरयूबी और एक वर्तमान आरयूबी का विस्तार शामिल है। इसके साथ सेवा भवन तथा संबंधित विद्युत और सिग्नलिंग कार्य भी किए जाएंगे।

भावनगर पारा स्टेशन पर नए ऊंचे आइलैंड प्लेटफॉर्म के निर्माण के साथ प्लेटफॉर्म नंबर 2 का चौड़ीकरण किया जाएगा। बेहतर फ्रंट ऑफ बोर्ड कनेक्टिविटी विकसित होने से यात्रियों की आवाजाही और स्टेशन तक पहुंच आसान होगी। इन सुविधाओं से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

भावनगर पारा यार्ड पुनर्निर्माण परियोजना भावनगर के रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके जरिए भावनगर टर्मिनस पर भीड़ कम करने के साथ अतिरिक्त टर्मिनल क्षमता विकसित होगी और ट्रेनों के सुचारू एवं समयबद्ध संचालन में मदद मिलेगी। बेहतर प्लेटफार्म, फ्रंट ऑफ बोर्ड कनेक्टिविटी और अन्य यात्री सुविधाओं से भावनगर तथा आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को अधिक सुविधा मिलेगी।


प्रविष्टि तिथि: 01 SEP 2026 2:27PM by PIB Delhi

Tags: