तस्वीर में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव और अन्य अधिकारी असम के शिवसागर जिले के शिमलगुड़ी में बाढ़ से क्षतिग्रस्त रेल पटरी और बुनियादी ढांचे का निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं।

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने तिनसुकिया मंडल के अधीन शिवसागर जिले के शिमलगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों में हालिया बाढ़ से क्षतिग्रस्त रेल पटरी की सफलतापूर्वक मरम्मत कर रेल कनेक्शन बहाल कर दिया है। इस दौरान पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने प्रभावित सेक्शनों का दौरा कर रेल पटरी, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बाढ़ की स्थिति के कारण कई बच्चों समेत स्थानीय निवासी अपने सामान और मवेशियों के साथ अभी भी रेल पटरी पर या उसके आसपास शरण लिए हुए हैं। मानवीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तथा लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्णय लिया गया है कि पुनर्बहाल किए गए सेक्शनों पर प्रारंभिक चरण में केवल डीजल इंजन वाली ट्रेनें ही संचालित की जाएंगी।

फिलहाल लंबी दूरी की ट्रेनें परिवर्तित मार्ग वाया उत्तर लखिमपुर-रंगापाड़ा नॉर्थ-रंगिया होकर चलती रहेंगी। इसके अतिरिक्त, इस व्यवधान अवधि के दौरान ऊपरी असम आने-जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक रेल सेवा उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने स्पष्ट किया है कि हालात सामान्य होने और प्रभावित लोगों के अपने घरों को लौटने के बाद ही इस सेक्शन में ट्रेन सेवाओं को पूर्ण रूप से बहाल करने तथा इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन पर निर्णय लिया जाएगा।

Tags: