CSMT पुनर्विकास कार्य के चलते 21 अगस्त तक बढ़ा ट्रैफिक व पावर ब्लॉक, कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें दादर और ठाणे तक रहेंगी सीमित
CSMT के पुनर्विकास कार्य के चलते सेंट्रल रेलवे ने प्लेटफॉर्म संख्या 16 पर ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक को 21 अगस्त 2026 तक बढ़ा दिया है। इसके कारण कई महत्वपूर्ण मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें दादर तथा ठाणे तक ही संचालित होंगी। जानिए प्रभावित ट्रेनों की पूरी सूची और रेलवे की आधिकारिक जानकारी।
तस्वीर में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) स्टेशन का प्लेटफॉर्म और छत का स्टील ढांचा नजर आ रहा है।
सेंट्रल रेलवे ने चत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के प्लेटफॉर्म संख्या 16 पर रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) द्वारा किए जा रहे पुनर्विकास कार्य के संबंध में संचालित ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक को 21 अगस्त 2026 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही चयनित मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का दादर और ठाणे तक अल्प समापन (शॉर्ट टर्मिनेशन) भी अब 21 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार यह ब्लॉक पहले 1 फरवरी 2026 से 26 अप्रैल 2026 तक लिया गया था। इसके बाद इसे क्रमशः 19 मई 2026, 13 जून 2026 और 5 अगस्त 2026 तक बढ़ाया गया था। अब इसे आगे बढ़ाकर 21 अगस्त 2026 तक प्रभावी कर दिया गया है।
सेंट्रल रेलवे ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या 16 और 17 पर आवश्यक फाउंडेशन लेआउट तथा आधारभूत संरचना से जुड़े कार्य चत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के पुनर्विकास परियोजना के प्रमुख हिस्से के रूप में किए जा रहे हैं। इन्हीं कार्यों के कारण कुछ मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन पूर्ववत जारी रहेगा।
इसके तहत ट्रेन संख्या 12810 हावड़ा–CSMT एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 12112 अमरावती–CSMT एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 22120 मडगांव–CSMT तेजस एक्सप्रेस का अल्प समापन दादर स्टेशन पर किया जाएगा। वहीं ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु–CSMT एक्सप्रेस का अल्प समापन ठाणे स्टेशन पर जारी रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक CSMT के पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत आधारभूत संरचना के विकास और आधुनिकीकरण के लिए आवश्यक हैं। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे होने वाली असुविधा के लिए सहयोग करें और अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुरूप बनाएं।
यह प्रेस विज्ञप्ति 6 अगस्त 2026 को मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, सेंट्रल रेलवे, चत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई के डॉ. स्वप्निल नीला द्वारा जारी की गई है। प्रेस विज्ञप्ति संख्या 2026/08/12 है।