वडोदरा मंडल में DRUCC बैठक संपन्न, नई ट्रेनों, ठहराव और यात्री सुविधाओं पर उठे अहम मुद्दे
वडोदरा मंडल में आयोजित DRUCC बैठक में नई ट्रेनों, ठहराव, डबल ट्रैक परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। जानिए बैठक की प्रमुख बातें।
तस्वीर में वडोदरा मंडल के प्रतापनगर स्थित मंडल रेल कार्यालय में आयोजित डीआरयूसीसी की बैठक के दौरान अधिकारी और समिति के सदस्य नजर आ रहे हैं।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के प्रतापनगर स्थित मंडल रेल कार्यालय में 6 अगस्त 2026 को मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (DRUCC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री नरेन्द्र कुमार ने सभी माननीय सदस्यों के स्वागत के साथ की। इसके बाद समिति के अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने मंडल की प्रमुख उपलब्धियों और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी रेल समस्याओं को उठाते हुए नई ट्रेनों के परिचालन, विभिन्न ट्रेनों के ठहराव में वृद्धि, ट्रेनों के विस्तार, डबल ट्रैक सहित विभिन्न रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा किए जाने तथा मंडल के स्टेशनों पर बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके रचनात्मक सुझावों के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों के सुझाव रेलवे के लिए सदैव लाभकारी सिद्ध होते हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री नरेन्द्र कुमार ने मानसून के दौरान भारी बारिश से ट्रेन परिचालन प्रभावित होने की स्थिति में समिति के सभी सदस्यों द्वारा यात्रियों के लिए खानपान, चाय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने की विशेष सराहना की। उन्होंने यात्रियों के साथ मानवता का परिचय देते हुए इस प्रकार सहयोग और जुड़ाव प्रदर्शित करने के लिए वडोदरा मंडल की ओर से सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में समिति के माननीय सदस्यों में सर्वश्री निपम रजनीकांत देसाई, श्री भरत आर. गुप्ता, श्री नीलेशकुमार पटेल, श्री दिलीप वी. कोठारी, श्री वंदनकुमार बी. पंड्या, श्री ओमकारनाथ तिवारी, श्री एम. हबीब लोखंडवाला, श्री इंद्रवदन एस. जोशी, श्री व्यास मितलभाई कौशिकभाई, श्री अतुल कुमार एम. ब्रह्मभट्ट, श्री राकेशचंद्र वी. व्यास तथा श्री अनिल कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वडोदरा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री नीरज धमीजा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में रेल सेवाओं के सुधार, यात्री सुविधाओं के विस्तार और लंबित रेल परियोजनाओं को गति देने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।