साबरमती-दिल्ली स्पेशल ट्रेन शुरू: पश्चिम रेलवे का फैसला, देखें रूट और स्टॉपेज
त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चलाई जा रही ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच शामिल हैं, बुकिंग आईआरसीटीसी पर शुरू।
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए साबरमती और दिल्ली के बीच वन-वे फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। विशेष किराये पर संचालित होने वाली यह ट्रेन 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को साबरमती से रवाना होगी और अगले दिन दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन का संचालन एक फेरे के लिए किया जाएगा।
ट्रेन संख्या 04251 साबरमती–दिल्ली जंक्शन स्पेशल एक्सप्रेस 10 अक्टूबर 2026 को साबरमती से रात 22:55 बजे प्रस्थान करेगी। इसके अगले दिन शाम 17:25 बजे दिल्ली पहुंचने का समय निर्धारित है।
यात्रा के दौरान ट्रेन महेसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़, ब्यावर, अजमेर, जयपुर, बांदीकुई, अलवर, रेवाड़ी और गुरुग्राम स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इन स्टेशनों के यात्रियों को साबरमती से दिल्ली के बीच यात्रा के लिए इस विशेष ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी 2 टियर, एसी 3 टियर, एसी 3 टियर इकोनॉमी, स्लीपर श्रेणी और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
ट्रेन संख्या 04251 साबरमती–दिल्ली जंक्शन स्पेशल एक्सप्रेस में आरक्षण सभी यात्री आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू हो चुका है। यात्री ट्रेन के परिचालन समय, विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव और कोच संरचना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए भारतीय रेलवे की वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।