डॉ. के. कृष्ण कुमार ने किया RCF कपूरथला का दौरा, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
रेल डिब्बा कारखाना कपूरथला में DG/RHS डॉ. के. कृष्ण कुमार ने एलएलआर अस्पताल का निरीक्षण किया। चिकित्सा सुविधाओं, विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों से जुड़े स्वास्थ्य मुद्दों पर चर्चा के साथ अहम सुझाव दिए।
रेलवे बोर्ड के महानिदेशक/रेलवे स्वास्थ्य सेवा (DG/RHS) डॉ. के. कृष्ण कुमार ने 08 अक्टूबर 2026 को रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आरसीएफ के महाप्रबंधक श्री अजय नंदन से मुलाकात की और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
दौरे के दौरान डॉ. के. कृष्ण कुमार ने आरसीएफ के लाला लाजपत राय अस्पताल (एलएलआर अस्पताल) का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने रेलकर्मियों और उनके परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। अस्पताल निरीक्षण के समय प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लता रामलिंगम, डॉ. राजेश मोहन, डॉ. जयदीप टिटोरिया, डॉ. प्रमोद कुमार सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
डॉ. के. कृष्ण कुमार ने अस्पताल के ऑक्सीजन गैस प्लांट, आईसीयू, पुरुष एवं महिला वार्ड, सभी कार्यालय, डायटेटिक्स विभाग, लॉन्ड्री, फिजियोथेरेपी विभाग, मैग्नेटोथेरेपी विभाग, डेंटिस्ट्री विभाग, ओपीडी, फार्मेसी, इमरजेंसी वार्ड, लेबोरेटरी तथा एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों में उपलब्ध सुविधाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बातचीत की।
अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए डॉ. के. कृष्ण कुमार ने चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने के लिए महत्वपूर्ण एवं उपयोगी सुझाव दिए।
दौरे के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने एलएलआर अस्पताल परिसर में पौधे लगाए। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके बाद डॉ. के. कृष्ण कुमार ने मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न विषयों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने प्रतिनिधियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना तथा आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन प्रदान किया।
डॉ. के. कृष्ण कुमार का आरसीएफ का यह दौरा चिकित्सा सुविधाओं के निरंतर उन्नयन, पर्यावरण संरक्षण तथा रेलकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।