20वें एशियन गेम्स 2026: पश्चिम रेलवे की महिला खिलाड़ियों ने जीते 6 पदक
भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद स्वर्ण जीतकर 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक का टिकट कटाया, जबकि कबड्डी टीम ने भी जीता गोल्ड।
मुंबई में पश्चिम रेलवे अधिकारियों और महिला खिलाड़ियों की मीडिया संवाद के दौरान की तस्वीर।
पश्चिम रेलवे के छह महिला खिलाड़ियों का एशियन गेम्स में जलवा, भारत के लिए जीते 6 पदक
पश्चिम रेलवे ने 20वें एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले अपने खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जश्न मनाया। पश्चिम रेलवे मुख्यालय, चर्चगेट, मुंबई में 07 अक्टूबर, 2026 को आयोजित मीडिया संवाद में महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने छह महिला पदक विजेता खिलाड़ियों की सराहना की। इनमें चार खिलाड़ी स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीमों का हिस्सा रहीं, जबकि दो खिलाड़ियों ने रजत पदक हासिल किए।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, श्री रामाश्रय पाण्डेय ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इस बात पर विशेष गर्व जताया कि पश्चिम रेलवे की सभी छह पदक विजेता खिलाड़ी महिलाएं हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के समर्पण और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उनकी उपलब्धियों को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। साथ ही उनकी सफलता में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों, परिवारों और रेलवे सहयोगियों के सहयोग को भी सराहा।
मीडिया संवाद में पश्चिम रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक एवं पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ (WRSA) के अध्यक्ष श्री वी. ए. मालेगांवकर, पश्चिम रेलवे के मुख्य बिजली वितरण इंजीनियर एवं WRSA के मानद महासचिव श्री विवेक दीक्षित तथा WRSA के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (स्पोर्ट्स) श्री पप्पू यादव मौजूद रहे।
सुश्री सोनाली शिंगाटे, सुश्री राजरानी और सुश्री सोनम उत्तम मस्कर प्रेस संवाद में व्यक्तिगत रूप से शामिल हुईं, जबकि अन्य खिलाड़ियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 04 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित 20वें एशियन गेम्स में सुश्री नवनीत कौर और सुश्री सुनेलिता टोप्पो भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य थीं। भारतीय टीम ने फाइनल में चीन को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में महिला हॉकी का खिताब 44 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हासिल किया और भारत ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों के लिए सीधे क्वालीफाई किया।
महिला कबड्डी में सुश्री सोनाली शिंगाटे और सुश्री राज रानी स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम का हिस्सा थीं। भारतीय टीम ने फाइनल में ईरान को पराजित किया।
सुश्री अंतिम पंघाल ने महिला 53 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। वहीं, सुश्री सोनम उत्तम मस्कर ने महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने विभिन्न खेल विधाओं में भारत की सफलता में पश्चिम रेलवे के योगदान को मजबूत किया।
महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले श्री आदर्श राम की भी सराहना की। उन्होंने एशिया के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों के बीच पुरुष हाई जंप स्पर्धा में हिस्सा लिया। श्री पाण्डेय ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती रेफरी के रूप में सेवाएं देने वाले श्री सत्यदेव मलिक की भी सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पश्चिम रेलवे के खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और अधिक सफलता हासिल करने की क्षमता रखते हैं।
भारतीय रेल द्वारा खेलों को दिए जा रहे दीर्घकालिक प्रोत्साहन का उल्लेख करते हुए श्री पाण्डेय ने बताया कि वर्ष 1928 में स्थापित रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड द्वारा 29 मान्यता प्राप्त खेल विधाओं को बढ़ावा दिया जाता है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल के 69 खिलाड़ियों, 10 प्रशिक्षकों और तीन रेफरियों ने 20वें एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
पश्चिम रेलवे में प्रतिवर्ष 73 खिलाड़ियों की भर्ती का प्रावधान है। इनमें 64 खिलाड़ियों की भर्ती खुली विज्ञप्ति के माध्यम से तथा नौ खिलाड़ियों की भर्ती प्रतिभा खोज के माध्यम से की जाती है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि रेलवे द्वारा खिलाड़ियों को दिया जाने वाला सहयोग उन्हें रोजगार की सुरक्षा के साथ खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने का अवसर देता है। प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इसके तहत पात्र खिलाड़ियों को 330 दिनों तक का विशेष आकस्मिक अवकाश देने का प्रावधान है। निर्धारित मानदंडों के अनुसार आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नति और प्रोत्साहन वेतन वृद्धि का भी प्रावधान है। इन व्यवस्थाओं से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने तथा आगामी खेल आयोजनों के लिए अपने कौशल में सुधार करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने खेल अवसंरचना के विकास पर भी प्रकाश डाला। मुंबई स्थित महालक्ष्मी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्वीमिंग पूल, उन्नत जिम्नेजियम, क्रिकेट और फुटबॉल सुविधाओं के साथ कई अन्य खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध हैं। अहमदाबाद में पश्चिम रेलवे का क्रिकेट मैदान और उज्जैन में विशेष जिम्नास्टिक केंद्र भी प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के विकास में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करते हैं।
मीडिया संवाद के दौरान प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण में सुधार तथा खिलाड़ियों को अपनी कमियों की पहचान करने में सहायता के लिए प्रदर्शन निगरानी, वीडियो विश्लेषण और खेल विज्ञान के उपयोग की जानकारी दी।
प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों ने रेलवे की ओर से मिलने वाली वित्तीय स्थिरता, प्रशिक्षण सहयोग और प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी खेल यात्रा में नियमित अभ्यास, फिटनेस, टीम समन्वय और परिवार के सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। हॉकी खिलाड़ियों ने बताया कि ओलंपिक के लिए पहले ही क्वालीफाई करने से उन्हें लॉस एंजिल्स 2028 के लिए अपनी तैयारियों की बेहतर योजना बनाने और उस पर ध्यान केंद्रित करने का स्पष्ट अवसर मिला है।
महाप्रबंधक ने तैराकी, वॉटर पोलो और डाइविंग सहित इंटर-रेलवे जलीय खेल प्रतियोगिताओं तथा फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन कुश्ती में पश्चिम रेलवे की हाल की सफलताओं की भी सराहना की। उन्होंने मीडिया से विभिन्न खेल विधाओं को अधिक व्यापक दृश्यता प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के प्रयासों और उपलब्धियों को व्यापक पहचान मिलने से उभरती हुई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और खिलाड़ी और अधिक ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर प्रश्नोत्तर सत्र के साथ खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के साथ मीडिया संवाद भी आयोजित किया गया। पश्चिम रेलवे खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें निखारने, प्रशिक्षण सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा अपने खिलाड़ियों को राष्ट्र के लिए और अधिक गौरव हासिल करने में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।