अहमदाबाद मंडल में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर भव्य समारोह, 59 रेलकर्मी सम्मानित
अहमदाबाद मंडल में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने तिरंगा फहराया। समारोह में रेलवे की उपलब्धियां बताई गईं और 59 उत्कृष्ट रेलकर्मियों को पदक व प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया गया।
तस्वीर में अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराने और मंच पर भाषण देते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश नजर आ रहे हैं, साथ ही आरपीएफ अधिकारी भी मौजूद हैं।
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त, 2026 को हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अहमदाबाद परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने आरपीएफ तथा स्काउट एवं गाइड की संयुक्त परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।
मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने इस अवसर पर स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़ते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अहमदाबाद मंडल की विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि गुजरात में रेलवे के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। वर्ष 2009-14 के दौरान राज्य के लिए औसत वार्षिक रेलवे बजट लगभग ₹589 करोड़ था, जो वर्ष 2026-27 में बढ़कर ₹17,366 करोड़ हो गया है, यानी लगभग 29 गुना अधिक। वर्तमान में गुजरात में ₹1,28,748 करोड़ के रेलवे कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 87 स्टेशनों का लगभग ₹7,000 करोड़ के निवेश से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। वर्ष 2014 से अब तक 2,900 किमी से अधिक नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं तथा 4,005 किमी से अधिक रेल मार्गों का विद्युतीकरण किया गया है। गुजरात ने 100 प्रतिशत रेल विद्युतीकरण का लक्ष्य भी हासिल कर लिया है। इसके साथ ही 1,177 ROB/RUB का निर्माण किया गया है। गुजरात में वर्तमान में 6 जोड़ी वंदे भारत, एक जोड़ी अमृत भारत तथा एक जोड़ी नमो भारत एक्सप्रेस सेवाएं संचालित हो रही हैं। सुरक्षित रेल यात्रा के लिए कवच प्रणाली के अंतर्गत 1,842 रूट किमी स्वीकृत हैं।
गत वर्ष अहमदाबाद मंडल ने परिचालन, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, अधोसंरचना, माल परिवहन और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। ₹20,667 करोड़ की अहमदाबाद–सरखेज–धोलेरा सेमी हाई-स्पीड डबल लाइन परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी मिली। मंडल ने 51.35 मिलियन टन का सर्वाधिक माल लदान दर्ज किया और भारतीय रेल में पहली बार 8वें सर्वाधिक लदान वाले मंडल का स्थान प्राप्त किया। कंटेनर, नमक, ऑटोमोबाइल, उर्वरक एवं बेंटोनाइट लदान में मंडल ने भारतीय रेल में अग्रणी प्रदर्शन किया।
सुरक्षा एवं अधोसंरचना के क्षेत्र में 10 PSR हटाए गए और 139 समपार फाटक समाप्त किए गए। 136 किमी सेक्शनल गति बढ़ाई गई, 30 ROB/RUB तथा 53 पुलों का कार्य पूरा किया गया और 376 किमी सुरक्षा फेंसिंग की गई। हिम्मतनगर–खेड़ब्रह्मा गेज परिवर्तन के बाद सफल स्पीड ट्रायल हुआ। गांधीधाम–आदिपुर और सामाख्याली–भचाऊ चौहरीकरण कार्य भी पूर्ण हुए। 169 TKM ऑटोमैटिक सिग्नलिंग तथा विभिन्न Y-कनेक्टिविटी कार्यों को भी कमीशन किया गया।
यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में ₹1,814 करोड़ का निवेश किया गया। नई लिफ्ट एवं एस्केलेटर, अहमदाबाद स्टेशन पर आधुनिक वातानुकूलित प्रतीक्षालय तथा नई यात्री ट्रेन सेवाओं से सुविधाओं का विस्तार हुआ। असारवा–उदयपुर वंदे भारत, भुज–दिल्ली तथा साबरमती–लालगढ़ दैनिक एक्सप्रेस सेवाएं शुरू हुईं। यात्री राजस्व ने मंडल के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जबकि टिकट चेकिंग आय ₹31.8 करोड़ और गैर-किराया राजस्व ₹14.58 करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर रहा।
मंडल ने नवाचार और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल की। साबरमती में भारतीय रेल की पहली LNG-डीजल ड्यूल फ्यूल DEMU पहल, गांधीधाम में पहली बार स्टेनलेस-स्टील साल्ट कंटेनर का उपयोग, RUB जलजमाव की सेंसर आधारित निगरानी, कांकरिया डिपो में सेंसर आधारित ट्रेन टॉयलेट क्लीनिंग मॉनिटरिंग तथा ड्रोन पेट्रोलिंग उल्लेखनीय नवाचार रहे। मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में मणिनगर के निकट 1,360 टन पोर्टल बीम का 2,200 MT क्षमता की क्रेन से सफल लॉन्च भी महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में वर्ष 2025-26 के दौरान मंडल ने आवंटित बजट का 98.45 प्रतिशत उपयोग करते हुए ₹4,386 करोड़ से अधिक का शुद्ध पूंजीगत व्यय किया। चालू वित्त वर्ष में जुलाई 2026 तक ₹1,759 करोड़ से अधिक व्यय किया जा चुका है। कर्मचारियों के क्षेत्र में 5,413 पदोन्नतियां, 5,957 प्रशिक्षण तथा 1,093 नई नियुक्तियां की गईं। RPF द्वारा 121 बच्चों का रेस्क्यू तथा ऑपरेशन अमानत के तहत यात्रियों का ₹1.58 करोड़ से अधिक मूल्य का खोया सामान सुरक्षित लौटाना सामाजिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इन उपलब्धियों के माध्यम से गुजरात और अहमदाबाद मंडल आधुनिक रेल अधोसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षित यात्रा, विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं और नवाचार के साथ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
समारोह के दौरान आज़ादी के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर स्वतंत्रता का उत्सव मनाया गया। आरपीएफ डॉग स्क्वॉड द्वारा सुरक्षा कौशल, विस्फोटक एवं नारकोटिक की पहचान के क्षेत्र में किए गए अभ्यास का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया। मंडल की सांस्कृतिक टीम ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों और नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे समारोह स्थल पर राष्ट्रभक्ति का वातावरण बना रहा। छोटे बच्चों द्वारा फैंसी ड्रेस में देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
समारोह में मंडल रेल प्रबंधक ने विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 59 रेलकर्मियों को पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अहमदाबाद द्वारा कैंसर बीमारी से पीड़ित रेलकर्मी श्री धर्मेन्द्र सिंह टेकनीशियन-I अहमदाबाद को बीस हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
अहमदाबाद मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशन—साबरमती, पालनपुर, महेसाणा, गांधीधाम सहित कार्यशालाओं एवं डिपो पर भी देशभक्ति पूर्ण वातावरण में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
समारोह में महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती मंजू मीणा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री विकास गढ़वाल, वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त अंशुमान त्रिपाठी सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सिद्धार्थ ने समारोह को सफल बनाने के लिए सभी का आभार प्रकट किया।