असारवा स्टेशन पर 30 दिन का ट्रैफिक ब्लॉक, पांच ट्रेनों के परिचालन में बदलाव
असारवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर दीवार निर्माण के लिए 01 से 30 अक्टूबर तक ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान पांच ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है, जिसमें दो ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी।
तस्वीर में असरवा-हिम्मतनगर मेमू ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी दिखाई दे रही है।
अहमदाबाद मंडल के असारवा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 3 की प्लेटफॉर्म दीवार के निर्माण कार्य के चलते 01 अक्टूबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। निर्माण कार्य के कारण पांच ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।
ट्रेन संख्या 69245 असारवा–हिम्मतनगर मेमू 01 अक्टूबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक पूर्णतः रद्द रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 69246 हिम्मतनगर–असारवा मेमू 02 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्णतः रद्द रहेगी।
ट्रेन संख्या 19315 इंदौर–असारवा वीर भूमि एक्सप्रेस 30 सितंबर 2026 से 29 अक्टूबर 2026 तक असारवा के स्थान पर नरोड़ा स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी। इसके विपरीत ट्रेन संख्या 19316 असारवा–इंदौर वीर भूमि एक्सप्रेस 01 अक्टूबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक असारवा के स्थान पर नरोड़ा स्टेशन से प्रारंभ होगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 09406 खेडब्रह्मा–असारवा भादरवी पूनम स्पेशल 01 अक्टूबर 2026 को असारवा के स्थान पर नरोड़ा स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी।
रेलवे के अनुसार, ट्रेनों के ठहराव, मार्ग और संरचना के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर अवलोकन कर सकते हैं। प्लेटफॉर्म दीवार निर्माण कार्य के दौरान इन ट्रेनों के परिचालन में किए गए बदलावों को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।