नोहर पंचायतीराज चुनाव: पूर्व विधायक मटोरिया और मेहरूनिशा टाक ने किया जनसंपर्क
हनुमानगढ़ जिला परिषद और नोहर पंचायत समिति के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में कई गांवों में अभियान चलाकर ग्रामीणों से वोट की अपील की गई।
नोहर में पंचायतीराज चुनाव प्रचार के दौरान ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा नेता।
नोहर, 28 अक्टूबर। पंचायतीराज चुनाव को लेकर नोहर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया और पूर्व राज्य मंत्री मेहरूनिशा टाक ने विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। जनसंपर्क के दौरान कई स्थानों पर ग्रामीणों ने दोनों नेताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
जनसंपर्क अभियान के तहत 22 एनटीआर, रामसरा, अराईयां ढाणी, कलालां ढाणी और 14 बरानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में ग्रामीणों से मुलाकात की गई। इसके अलावा श्योराणी, रातूसर, बालासर और टीडियासर में भी जनसंपर्क कर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया गया।
इस दौरान जिला परिषद हनुमानगढ़ के जोन नंबर 10 से भाजपा प्रत्याशी कृष्ण लाल सहारण और सोनारायण सहारण के समर्थन में ग्रामीणों से संपर्क किया गया। वहीं, पंचायत समिति नोहर के ब्लॉक नंबर 27 से प्रत्याशी जगदीश सैनी, जिला परिषद जोन नंबर 09 से विनोद भांभू तथा पंचायत समिति ब्लॉक नंबर 15 से प्रत्याशी लिछमा प्रताप महरिया के समर्थन में भी जनसंपर्क किया गया।
पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने ग्रामीणों से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वहीं, पूर्व राज्य मंत्री मेहरूनिशा टाक ने विकास कार्यों और आमजन को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं को चुनावी चर्चा का प्रमुख विषय बताया।
मेहरूनिशा टाक ने नोहर नगरपालिका क्षेत्र में पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास का आकलन केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर हुए कार्यों और आमजन को मिली सुविधाओं के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायतों में सड़क, नाली, सफाई, पेयजल और रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता में होना चाहिए। उन्होंने इन कार्यों को कड़ी से कड़ी जोड़ने पर प्राथमिकता से करवाने की बात कही।
जनसंपर्क अभियान के दौरान लाल मोहम्मद, पार्षद रियाज टाक, पार्षद अभिषेक बचवानी, पार्षद सुनील कार्या, पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र सहारण और पार्षद प्रतिनिधि खालिद भाटी सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर गांवों में चल रहे इस जनसंपर्क अभियान के जरिए भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया।