नोहर, 28 अक्टूबर। अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग को 144 बार ज्ञापन देने वाले जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू के घर से ही 122 पव्वे देशी मदिरा बरामद होने का मामला सामने आया है। गांव असरजाना में हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम ने जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू पुत्र रतन सिंह, निवासी गांव असरजाना के घर पर दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान मौके से देशी मदिरा के 122 पव्वे मिले, जिन्हें विभाग की टीम ने बरामद कर लिया। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

144 ज्ञापन देने के कारण चर्चा में रहे जीतू

जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू पिछले लंबे समय से क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। उन्होंने इस संबंध में आबकारी विभाग को लगातार ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी। जीतू ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि वह अब तक अवैध शराब की बिक्री रोकने की मांग को लेकर विभाग को 144 बार ज्ञापन दे चुके हैं।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि जीतू की ओर से उन्हें लगातार ज्ञापन दिए जा रहे थे। ऐसे में अब उन्हीं के घर से 122 पव्वे देशी मदिरा बरामद होने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की मांग उठाने वाले व्यक्ति के घर से शराब बरामद होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल आबकारी विभाग ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags: