नोहर नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी ने व्यापारियों संग बैठक की।   

नोहर में दीपावली पर्व को लेकर बाजारों में विशेष सजावट, पटाखा बिक्री और यातायात व्यवस्था की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और बाजार व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत पटाखा बिक्री के लिए 6 से 8 नवंबर तक तीन दिन के लिए स्थान उपलब्ध करवाए जाएंगे।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गिरिराज रत्नू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ दीपावली की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि श्रीराम वाटिका के पास चिह्नित स्थल पर अस्थायी पटाखा दुकानें लगाई जाएंगी। दुकानों का आवंटन उपलब्ध स्थानों की संख्या के आधार पर प्रशासन द्वारा लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

अस्थायी पटाखा लाइसेंस के लिए 29 से 31 अक्टूबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। लाइसेंस की निर्धारित फीस 1,500 रुपए होगी। इसके अलावा शुल्क के अनुसार 500 रुपए का स्टांप शुल्क भी देय होगा। प्रशासन ने पटाखा बिक्री के लिए 6 से 8 नवंबर तक तीन दिन का समय निर्धारित किया है।

दीपावली पर शहर के प्रमुख चौराहों, मार्गों और सरकारी कार्यालयों में विशेष सजावट की जाएगी। नगर पालिका क्षेत्र में उत्कृष्ट सजावट करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार भी दिए जाएंगे। विशेष क्षेत्र या बाजार में उत्कृष्ट सजावट करने पर 5,100 रुपए तथा किसी दुकान विशेष में उत्कृष्ट सजावट करने पर 2,100 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। ये पुरस्कार नगर पालिका द्वारा गठित समिति की अनुशंसा पर दिए जाएंगे।

इस संबंध में आगामी स्वतंत्रता दिवस पर प्रशंसा-पत्र प्रदान किए जाने के अनुरूप भी प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरा संग्रहण शुल्क जमा करवाने की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि निर्धारित शुल्क सुविधानुसार मासिक अथवा वार्षिक रूप से नगर पालिका में जमा करवाया जा सकता है।

दीपावली के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस के समन्वय से 6 से 8 नवंबर तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके साथ ही सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रशासन ने आमजन से सार्वजनिक रास्तों पर अवैध रूप से वाहन पार्किंग करने, सामान रखने या स्टॉल लगाकर रास्ता अवरुद्ध करने से बचने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जा सकती है।

बैठक में दीपावली पर्व को भव्य और सौहार्दपूर्ण बनाने के साथ शहर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा पर्व की शोभा बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की गई।

इस दौरान संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मोदी, हलवाई यूनियन के अध्यक्ष बसंत तिवाड़ी, मोहन डाबी, त्रिलोक बंसल, रमेश सिंधी, मुकेश बंसल और सांवरमल हिसारिया सहित अन्य उपस्थित थे।

Tags: