भद्रकाली बाईपास हादसे में घायलों की मदद करने वाले रहमत अली का सम्मान, मिले 10 हजार
भद्रकाली बाईपास सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले रहमत अली अराई को नोहर में गुड सेमेरिटन के रूप में सम्मानित किया गया। उन्हें दस हजार रुपए और प्रमाण पत्र दिया गया।
तस्वीर में नोहर अस्पताल में रहमत अली को सम्मानित किया जा रहा है।
नोहर। भद्रकाली बाईपास सड़क मार्ग पर सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले ढाणी अराईयान निवासी रहमत अली अराई को गुरुवार को राजकीय उप जिला चिकित्सालय नोहर में मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना के तहत गुड सेमेरिटन के रूप में सम्मानित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हंसराज शर्मा ने उन्हें दस हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि और प्रमाण पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।
प्रभारी डॉ हंसराज शर्मा ने बताया कि रहमत अली पशुपालक हैं और दुर्घटना के समय सड़क किनारे खेत में रेवड़ चरा रहे थे। दुर्घटना दिखाई देने पर उन्होंने अपनी परवाह किए बिना तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। समय पर सहायता मिलने और अस्पताल पहुंचाए जाने से दुर्घटना में पीड़ित काफी लोगों की जान बच सकी।
अली ने संकट की स्थिति में घायलों को देखकर बिना किसी स्वार्थ के उनकी मदद की और उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। आपात स्थिति में घायल व्यक्ति की सहायता कर समय पर अस्पताल पहुंचाना मानवता की मिसाल है। इसी मदद के लिए उन्हें सरकार की योजना के तहत गुड सेमेरिटन यानी भले व्यक्ति के रूप में सम्मानित किया गया।
प्रभारी डॉ शर्मा ने रहमत अली की मदद की सराहना करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने में आमजन की भूमिका काफी कारगर साबित होती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अकेला न छोड़ें और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाने में जहां तक हो सके सहयोग करें।
गौरतलब है कि भद्रकाली बाईपास मार्ग पर 30 मार्च को हुई इस सड़क दुर्घटना में रावतसर के बुधवालिया निवासी 19 यात्री घायल हुए थे, जबकि 3 महिलाओं की मौत हुई थी। इसी दुर्घटना के दौरान घायलों की मदद करने वाले रहमत अली को मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना के तहत गुड सेमेरिटन के रूप में सम्मानित किया गया।