श्मशान घाट में भी चोरी, पक्षियों के चुग्गे के लिए रखा दो बोरी अनाज ले गए चोर
नोहर के कल्याण द्वार स्थित श्मशान घाट परिसर में अज्ञात चोरों ने पक्षियों के चुग्गे के लिए रखा एक बोरी गेहूं और एक कट्टा बाजरी चोरी कर लिया। सुबह घटना का पता चला, स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की।
नोहर। शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला थम नहीं रहा है। मंदिरों और निर्माणाधीन भवनों को निशाना बनाने के बाद अब अज्ञात चोरों ने श्मशान घाट परिसर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बीती रात कल्याण द्वार स्थित श्मशान घाट परिसर से पक्षियों के चुग्गे के लिए रखा दो बोरी अनाज चोरी हो गया।
महिपाल सैनी ने बताया कि बाबा भूतनाथ मंदिर के पास स्थित श्मशान घाट परिसर में एक कमरा बना हुआ है। इस कमरे में दानदाताओं के सहयोग से प्राप्त अनाज पक्षियों को चुग्गा डालने के लिए रखा जाता है। बीती रात अज्ञात चोर कमरे से एक बोरी कनक (गेहूं) तथा एक कट्टा बाजरी चुरा ले गए।
सुबह घटना की जानकारी मिलने पर लोगों को चोरी का पता चला। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच श्मशान घाट परिसर में हुई इस वारदात से भी लोगों में चिंता है। स्थानीय लोगों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।