नोहर में लंबे समय से खराब, गंदे एवं दुर्गंधयुक्त पेयजल की आपूर्ति किए जाने का आरोप लगाते हुए संभागीय आयुक्त, बीकानेर संभाग के नाम ज्ञापन भेजा गया है। ज्ञापन में पेयजल की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच करवाने तथा लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया कि नोहर क्षेत्र में लंबे समय से खराब, गंदा एवं दुर्गंधयुक्त पानी सप्लाई किया जा रहा है। पानी की गुणवत्ता खराब होने के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता आमजन के स्वास्थ्य और जनहित के लिए गंभीर विषय है।

ज्ञापन में जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा पिछले एक वर्ष में नोहर क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता की जांच के लिए लिए गए नमूनों का भी उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया कि नमूनों की जांच और उनकी गुणवत्ता संबंधी स्थिति की जानकारी सार्वजनिक किया जाना आवश्यक है। खासकर मेलों एवं बड़े आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आमजन उपस्थित होते हैं। ऐसे में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच जरूरी है।

ज्ञापन में मांग की गई कि मामले को गंभीरता से लेते हुए नोहर क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए। विभिन्न स्थानों से पेयजल के नमूने लेकर अधिकृत जल परीक्षण प्रयोगशाला में उनकी गुणवत्ता की जांच करवाने तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही नोहर क्षेत्र में नियमित रूप से जल परीक्षण करवाने और आमजन को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

ज्ञापन के अंत में जनहित को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की शीघ्र जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।

Tags: