बिलासपुर छठ पूजा तैयारियां: अरपा तट पर घाट और सड़क सुधार कार्य तेज
नगर निगम और आयोजन समिति घाट पर स्वच्छता, सुरक्षा और पहुंच मार्ग दुरुस्त करने में जुटे हैं। घाट पर नाम लिखकर जगह आरक्षित करने पर प्रतिबंध रहेगा।
बिलासपुर के अरपा तट पर 13 से 16 नवंबर तक होने वाले छठ महापर्व में सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा का दृश्य।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। अरपा नदी का तट एक बार फिर लोक आस्था और सामाजिक एकजुटता के महापर्व का साक्षी बनने जा रहा है। छठ महापर्व को लेकर बिलासपुर में तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। 26 वर्षों से चली आ रही परंपरा अब व्यापक सामाजिक सहभागिता का रूप ले चुकी है। आयोजन समिति और नगर निगम घाट से लेकर पहुंच मार्ग तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। खास बात यह है कि कभी यूपी-बिहार के कुछ परिवारों तक सीमित रहने वाला छठ पर्व अब शहर के विभिन्न समाजों की सामूहिक आस्था का उत्सव बन गया है।
पहले बिलासपुर में मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग ही छठ व्रत का आयोजन करते थे, लेकिन समय के साथ शहर के अनेक समाजों के लोग भी इस पर्व से जुड़ने लगे हैं। अरपा तट पर होने वाला छठ आयोजन अब किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सामाजिक एकजुटता और साझा संस्कृति का प्रतीक बन रहा है। इस वर्ष 13 से 16 नवंबर तक चार दिवसीय आयोजन किया जाएगा।
महापर्व के अनुष्ठानों की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इसी दिन माता अरपा की महाआरती भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान होगा। इसके बाद 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य देने के साथ व्रतियों का पारण होगा और चार दिवसीय महापर्व का समापन किया जाएगा।
छठ पूजा के लिए घाट पर श्रद्धालुओं को पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन समिति के स्वयंसेवक व्रतियों और श्रद्धालुओं की सहायता करने के साथ उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी देंगे। घाट के दोनों ओर पहुंच मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए पहल की गई है। समिति के अनुसार, संबंधित ठेकेदारों से चर्चा की जा चुकी है और समय रहते सड़कों को दुरुस्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, नगर निगम के सहयोग से स्वच्छता, सुरक्षा सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने छठ व्रतियों से घाट पर व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घाट पर पहले पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर पहले स्थान दिया जाएगा। दौरा रखने के लिए समिति की ओर से जगह उपलब्ध कराई जाएगी, लेकिन कोई भी श्रद्धालु अपना नाम लिखकर या स्थान आरक्षित होने का दावा करते हुए घाट पर निशान नहीं बना सकेगा। इस तरह के लिखे हुए निशान मिटा दिए जाएंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से घाट की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है। समिति का कहना है कि प्रत्येक व्रती को पूजा के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराना उसकी जिम्मेदारी है।
छठ महापर्व में सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा को महाभारत काल से जोड़कर देखा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सूर्यपुत्र कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त थे। वे प्रतिदिन जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते थे। सूर्य उपासना से उन्हें विशेष शक्ति और तेज प्राप्त हुआ था। इसी प्रसंग को जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा से जोड़ा जाता है। सूर्य देव की आराधना के साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना इस लोकपर्व की प्रमुख विशेषता है।
पंडित संदीप ज्योतिषी के अनुसार, छठ पर्व सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित कठिन साधना का महापर्व है। इसमें व्रती शुद्धता, संयम और निर्धारित नियमों का विशेष रूप से पालन करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि छठी मैया की आराधना से संतान की खुशहाली, परिवार की उन्नति और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। डूबते और उगते सूर्य, दोनों को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा जीवन में निरंतरता, कृतज्ञता और प्रकृति के सम्मान का संदेश देती है। इस वर्ष अरपा तट पर होने वाला आयोजन 26 वर्षों पुरानी परंपरा के साथ बिलासपुर की सामूहिक आस्था और सामाजिक सहभागिता को भी सामने लाएगा।