लव रंजन ने पेश किए 6 नए चेहरे, ‘पहला प्यार दूसरी बार’ 23 अक्टूबर को रिलीज
लव रंजन की ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का पहला पोस्टर रिलीज हो गया है। छह नए चेहरों वाली यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में आएगी।
तस्वीर में फिल्म 'पहला प्यार दूसरी बार' का पहला पोस्टर नजर आ रहा है, जिसमें छह नए कलाकार दिखाई दे रहे हैं।
‘पहला प्यार दूसरी बार’ के मेकर्स ने फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया है। पोस्टर में छह नए चेहरों से सजी एनर्जी से भरपूर गैंग नजर आ रही है। यह फ्रेंडशिप-कॉमेडी फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
डेब्यूटेंट डायरेक्टर अनुज सैनी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लव फिल्म्स प्रोड्यूस कर रहा है। रिलेशनशिप-बेस्ड एंटरटेनिंग फिल्में देने वाले इस बैनर के साथ ‘पहला प्यार दूसरी बार’ से अलीशा चोपड़ा, स्पर्श वालिया, साक्षी वैद्य, कुणाल वैद्य, सरगुन कौर लूथरा और तुषार छिब्बर ऑन-स्क्रीन डेब्यू कर रहे हैं।
फिल्म के जारी किए गए फर्स्ट लुक पोस्टर में सभी छह यंग एक्टर्स एक साथ नजर आ रहे हैं। पोस्टर में कलाकार मस्तीभरे पोज और स्टाइलिश लुक में दिखाई देते हैं। इसका कलरफुल ट्रीटमेंट इसे बोल्ड और डायनामिक लुक देता है। मेकर्स ने इन नए चेहरों को पोस्टर के जरिए पेश किया है, जिससे फिल्म की कहानी और इन कलाकारों को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ती है।
नए चेहरों को पेश करने को लेकर लव रंजन ने कहा, "न्यूकमर्स को इंट्रोड्यूस करना हमेशा एक चुनौती रही है, लेकिन यह वो चैलेंज है जिसका मुझे सच में इंतज़ार रहता है। आज से पंद्रह साल पहले, मुझे यह मौका 'प्यार का पंचनामा' के साथ मिला था, और जब 'पहला प्यार दूसरी बार' के साथ कुछ ऐसा ही मौका मेरे सामने आया, तो मुझे पता था कि मैं इसे जाने नहीं देना चाहता। एक राइटर के तौर पर, छह नए चेहरों के लिए एक दुनिया बनाना और उन्हें उसके अंदर अपनी खुद की रिदम ढूंढते देखना, मुझे अच्छा लगा। जब लोग अच्छा महसूस करते हैं, तो कहानी अपनी खुद की एनर्जी ढूंढ लेती है, और मैं दर्शकों द्वारा उनसे मिलने को लेकर उत्साहित हूं।"
‘पहला प्यार दूसरी बार’ को ‘लव फिल्म्स’ द्वारा प्रेजेंट किया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन अनुज सैनी कर रहे हैं, जबकि लव रंजन और अंकुर गर्ग इसके प्रोड्यूसर हैं। फिल्म 23 अक्टूबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।