नेटफ्लिक्स फिल्म ‘गांधारी’ ने बनाया ग्लोबल रिकॉर्ड, दूसरे हफ्ते 9.6M व्यूज
कनिका ढिल्लों और तापसी पन्नू की फिल्म ‘गांधारी’ 17 देशों में नंबर-1 ट्रेंडिंग के साथ नेटफ्लिक्स के ग्लोबल नॉन-इंग्लिश चार्ट में शीर्ष पर पहुंची।
तस्वीर में अभिनेत्री तापसी पन्नू और लेखिका कनिका ढिल्लों एक साथ खड़ी नजर आ रही हैं।
हाल ही में रिलीज हुई नेटफ्लिक्स फिल्म ‘गांधारी’ ने दूसरे सप्ताह में व्यूअरशिप के मामले में बड़ी छलांग लगाते हुए ग्लोबल स्तर पर नया रिकॉर्ड कायम किया है। फिल्म ने दूसरे सप्ताह में 9.6 मिलियन व्यूज़ और 18.7 मिलियन वॉच ऑवर्स दर्ज किए, जबकि पहले सप्ताह में इसे 5.9 मिलियन व्यूज़ और 11.5 मिलियन वॉच ऑवर्स मिले थे।
नेटफ्लिक्स की वेबसाइट पर प्रकाशित आधिकारिक ग्लोबल डेटा के अनुसार, ‘गांधारी’ की दूसरे सप्ताह की 9.6 मिलियन व्यूअरशिप किसी भारतीय नेटफ्लिक्स ओरिजिनल फिल्म के लिए एक सप्ताह में दर्ज की गई सबसे ज्यादा व्यूअरशिप है। इस प्रदर्शन के साथ फिल्म ने भारतीय दर्शकों और क्रिएटर्स के लिए नया मानदंड स्थापित किया है।
फिल्म अब नेटफ्लिक्स के नॉन-इंग्लिश मूवीज ग्लोबल चार्ट्स में नंबर 1 पर पहुंच गई है। ‘गांधारी’ 17 देशों में नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है और दुनिया भर के 58 देशों में टॉप 10 में शामिल है।
यह उपलब्धि कनिका ढिल्लों की नेटफ्लिक्स के साथ लगातार चौथी ब्लॉकबस्टर है। साथ ही, तापसी पन्नू और कनिका ढिल्लों की साथ में यह तीसरी नेटफ्लिक्स ब्लॉकबस्टर है। इससे पहले दोनों की सफल जोड़ी ‘हसीन दिलरुबा’ और ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ में नजर आ चुकी है।
रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन पर अभिनेत्री तापसी पन्नू ने कहा, "दुनियाभर में किसी फिल्म को इस तरह का अभूतपूर्व प्यार, आँकड़े और ग्रोथ मिलते देखना बेहद शानदार और अविश्वसनीय महसूस हो रहा है। हर अभिनेता बड़े ओपनिंग नंबर की उम्मीद करता है और जब दर्शक फिल्म को उससे भी आगे लेकर जाते हैं, तो यह एहसास और मजबूत होता है कि आपने दर्शकों से एक कनेक्शन बनाया है। मैं खुशकिस्मत हूँ कि इस फिल्म के साथ मुझे इन दोनों अनुभवों को महसूस करने का मौका मिला। यह निश्चित रूप से कनिका और मेरे लिए एक शानदार हैट्रिक है और हम जल्द ही दर्शकों के लिए इससे भी कुछ बड़ा और बेहतर लाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
लेखिका और निर्माता कनिका ढिल्लों ने उपलब्धि पर आभार जताते हुए कहा, "दर्शकों का बहुत-बहुत धन्यवाद्, जिन्होंने मुझे हसीन फ्रेंचाइज़ी और दो पट्टी के बाद लगातार चौथी ओटीटी ब्लॉकबस्टर दी। सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि गांधारी को दूसरे सप्ताह में जबरदस्त व्यूअरशिप मिली है। इसका मतलब है कि दर्शकों को कहानी पसंद आई है और उन्होंने इसे भरपूर प्यार दिया है। यह 2026 में अब तक की सबसे बड़ी भारतीय नेटफ्लिक्स ओरिजिनल ब्लॉकबस्टर्स में से एक बन गई है और आधिकारिक नेटफ्लिक्स टुडुम डेटा के अनुसार, एक सप्ताह में सबसे ज्यादा प्रदर्शन करने वाली भारतीय नेटफ्लिक्स ओरिजिनल फिल्म का रिकॉर्ड भी बनाया है। एक लेखिका और निर्माता के तौर पर मैं बेहद उत्साहित हूँ और अपने पार्टनर्स नेटफ्लिक्स और मोनिका शेरगिल का शुक्रिया अदा करना चाहती हूँ, जिन्होंने स्थानीय, जड़ों से जुड़ी और दर्शकों को केंद्र में रखने वाली भारतीय कहानियों को सपोर्ट किया, जो दुनियाभर में अपनी पहचान बना रही हैं।"
कथा पिक्चर्स द्वारा निर्मित और देवाशीष मखीजा द्वारा निर्देशित ‘गांधारी’ एक मां की उस अथक लड़ाई की कहानी है, जो अपने अपहृत बच्चे को बचाने के लिए तमाम मुश्किलों और चुनौतियों का सामना करती है।
फिल्म दुनियाभर में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। दूसरे सप्ताह में 9.6 मिलियन व्यूज़ के साथ दर्ज किया गया प्रदर्शन ‘गांधारी’ को भारतीय नेटफ्लिक्स ओरिजिनल फिल्मों की वैश्विक व्यूअरशिप में एक महत्वपूर्ण मुकाम पर ले आया है।