तस्वीर में फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' के मुख्य कलाकार सिंहासन पर बैठे पंकज त्रिपाठी और अन्य किरदारों के साथ नजर आ रहे हैं।

एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज की ‘मिर्जापुर: द मूवी’ रिलीज से पहले ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। भारत की सबसे बड़ी ओटीटी फ्रेंचाइजी के लंबे समय से प्रतीक्षित सिनेमाई रूपांतरण के जरिए पहली बार ‘मिर्जापुर’ की लोकप्रिय दुनिया बड़े पर्दे पर नजर आएगी। फिल्म के टीजर और ट्रेलर के बाद दर्शकों का उत्साह पहले ही बढ़ चुका है। रिलीज में अब सिर्फ 3 दिन बाकी हैं और फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट भी लगभग बिना किसी बदलाव के मिल गया है।

फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से ‘हार्डली एनी मॉडिफिकेशन्स’ के साथ प्रमाणपत्र मिला है। सूत्र ने बताया, “इसका मतलब है कि दर्शक इस मच अवेटेड थिएट्रिकल अडैप्टेशन को बिल्कुल उसी तरह देख पाएंगे, जैसा मेकर्स ने इसे दिखाने का इरादा रखा था। बड़े पर्दे पर इसकी रॉ और अनफिल्टर्ड फील बरकरार रहेगी।”

कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि फिल्म से 35 सेकंड का फुटेज हटाया गया है। हालांकि, सूत्र के मुताबिक फिल्म में कोई कट नहीं किया गया है और केवल बहुत कम बदलाव किए गए हैं। ऐसे में ‘मिर्जापुर’ की कहानी और इसके किरदारों की रॉ और अनफिल्टर्ड प्रस्तुति बड़े पर्दे पर बरकरार रहने की बात सामने आई है।

फिल्म में क्या नया देखने को मिलेगा, इस पर पंकज त्रिपाठी ने कहा, “जब किसी परफॉर्मेंस या आर्ट फॉर्म को लोग साथ मिलकर देखते हैं, तो उसका असर पूरी तरह बदल जाता है। ग्रुप में इसे एंजॉय करने का एक अलग ही एक्सपीरियंस होता है। इसलिए जहां ‘मिर्जापुर’ पहले ‘मुझे अकेला छोड़ दो’ वाली वॉच हुआ करती थी, अब यह ‘पार्टी मोड’ में आ गई है। दुनिया वही है, किरदार वही हैं, लेकिन कहानी नई है और एक्सपीरियंस बहुत बड़ा है।”

अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म को पुनीत कृष्णा ने लिखा है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने फिल्म का निर्माण किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सेंसर प्रमाणन के दौरान बड़े कट की खबरों के बीच फिल्म को मामूली बदलावों के साथ मिली मंजूरी ने इसके मूल और रॉ अंदाज के बड़े पर्दे पर कायम रहने की तस्वीर साफ कर दी है।

Tags: