बंगाली फिल्म ‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ ने रचा इतिहास, अमेरिका में 2 महीने पहले बुकिंग शुरू
‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ की अमेरिका में भारत रिलीज से दो महीने पहले एडवांस बुकिंग शुरू, बोस्टन और कनेक्टिकट में स्क्रीनिंग होगी।
नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ भारत में रिलीज से पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। बंगाली सिनेमा और विंडोज प्रोडक्शंस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर फिल्म की अमेरिका में एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। खास बात यह है कि यह बुकिंग भारत में फिल्म की रिलीज से पूरे दो महीने पहले शुरू हुई है।
इंटरनेशनल फिल्म एसोसिएशन ऑफ कनेक्टिकट (आईएफएसी) की पहल के तहत ‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ की स्क्रीनिंग 15 नवंबर को बोस्टन और 22 नवंबर को कनेक्टिकट में की जाएगी। इस पहल के जरिए फिल्म विदेशों में रह रहे बंगाली दर्शकों तक पहुंचेगी।
नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी ने संयुक्त बयान में कहा, “बोहरूपी: द गोल्डन डाकू की अमेरिका में एडवांस बुकिंग अभी से शुरू हो चुकी है। इंटरनेशनल फिल्म एसोसिएशन ऑफ कनेक्टिकट (आईएफएसी) की पहल के तहत फिल्म की स्क्रीनिंग 15 नवंबर को बोस्टन और 22 नवंबर को कनेक्टिकट में की जाएगी। हमारे करियर में पहली बार किसी बंगाली फिल्म की इंटरनेशनल एडवांस बुकिंग उसकी थिएट्रिकल रिलीज़ से दो महीने पहले शुरू हुई है, यह हमारे लिए वाकई एक बेहद खास उपलब्धि है।”
अमेरिका में रिलीज से पहले शुरू हुई एडवांस बुकिंग ने ‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ के सफर में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। फिल्म ‘बोहरूपी’ यूनिवर्स को पहले से कहीं बड़े और महत्वाकांक्षी स्तर पर आगे बढ़ाती है।
फिल्म में शिबोप्रसाद मुखर्जी एक कुख्यात डकैत की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि जिशु सेनगुप्ता दबंग पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे। दोनों के बीच होने वाला आमना-सामना फिल्म के रोमांच को बढ़ाएगा। वहीं, सोहिनी सरकार भी दर्शकों की पसंदीदा झिमली के किरदार में वापसी कर रही हैं। इस बार उसके सफर में कई नए और दिलचस्प पहलू देखने को मिलेंगे।
अमेरिका में एडवांस बुकिंग शुरू होने के साथ ‘बोहरूपी: द गोल्डन डाकू’ ने रिलीज से पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। यह फिल्म बंगाली कहानी कहने की परंपरा को भारत की सीमाओं से बाहर दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।