विपुल अमृतलाल शाह की ‘बड़ा जुर्म छोटी कहानी’ का एपिसोड 3 रिलीज, ‘द लव लेटर’ में खुलेगा छिपे सच का राज
‘बड़ा जुर्म छोटी कहानी’ का एपिसोड 3 ‘द लव लेटर’ रिलीज हो गया है। एक चिट्ठी, कत्ल और छिपे कोड से जुड़े रहस्य ने कहानी को नया मोड़ दिया है।
फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह और उनके प्रोडक्शन हाउस सनशाइन पिक्चर्स की वीकली थ्रिलर सीरीज ‘बड़ा जुर्म छोटी कहानी’ का तीसरा एपिसोड ‘फाइल 3: द लव लेटर’ रिलीज हो गया है। शॉर्ट-फॉर्म डिजिटल प्रोजेक्ट ‘अनकही’ को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद शुरू की गई यह एआई-पावर्ड सीरीज हर गुरुवार सनशाइन पिक्चर्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक नई वास्तविक जैसी शॉर्ट क्राइम स्टोरी लेकर आती है। सीरीज का निर्माण सनशाइन डिजिटल के क्रिएटिव हेड संजय उपाध्याय की अगुवाई में किया गया है।
पिछले एपिसोड्स के सस्पेंस को आगे बढ़ाते हुए मेकर्स ने ‘फाइल 3: द लव लेटर’ पेश किया है। पोस्ट के साथ मेकर्स ने लिखा, “एक चिट्ठी। एक कहानी। और सामने आने वाला एक सच। बड़ा जुर्म, छोटी कहानियां फाइल 3: द लव लेटर।”
नए एपिसोड की शुरुआत रिटायर्ड स्कूल टीचर महेश वर्मा की रहस्यमयी मौत से होती है। उनका शव स्टडी रूम में मिलता है। उनकी टेबल पर शालिनी नाम की महिला के नाम लिखी एक पुरानी रोमांटिक चिट्ठी पड़ी होती है। पहली नजर में जांच करने वालों को लगता है कि मामला महेश के पुराने प्रेम संबंध से जुड़ा हो सकता है। उनके बेटे अमित को भी यही संदेह होता है।
कहानी तब अचानक नया मोड़ लेती है, जब फॉरेंसिक जांच में पता चलता है कि चिट्ठी दशकों पुरानी नहीं, बल्कि हत्या से कुछ दिन पहले ही लिखी गई थी। इसके बाद महेश की जिंदगी की गहराई से जांच शुरू होती है। इसी दौरान पुलिस को चिट्ठी में छिपा एक चालाक कोड मिलता है। मामूली नजर आने वाली यह चिट्ठी दरअसल महेश की मौत के बाद भी सच सामने लाने की आखिरी कोशिश होती है।
‘द लव लेटर’ केवल चौंकाने वाले ट्विस्ट पर निर्भर नहीं रहती, बल्कि इसमें इमोशन और पहेली की तरह आगे बढ़ती जांच को भी जोड़ा गया है। एपिसोड यह दिखाता है कि जो चीज सामने नजर आती है, जरूरी नहीं कि सच्चाई भी वही हो।
कहानी के अंत में परिवार और माता-पिता के रिश्ते को लेकर एक भावुक बात सामने आती है, “माता-पिता अपने बच्चों को समझना चाहते हैं, उनके साथ वक्त बिताना चाहते हैं और उनके साथ अपनी जिंदगी जीना चाहते हैं... लेकिन दुख की बात है कि कई बार उन्हें सच्चाई का एहसास बहुत देर से होता है।”
रियलिस्टिक कहानी और अचानक सामने आने वाले ट्विस्ट के साथ सनशाइन पिक्चर्स शॉर्ट-फॉर्म क्राइम थ्रिलर के इस फॉर्मेट को लगातार आगे बढ़ा रहा है। ‘द लव लेटर’ भी दर्शकों के सामने कई सवाल और एक अनपेक्षित सच छोड़ जाता है, जिसके बाद ‘बड़ा जुर्म छोटी कहानी’ की अगली फाइल का इंतजार बढ़ गया है।