हस्तिनापुर के वीर: जितेन लालवानी को सेट पर मिला शिक्षक दिवस का सरप्राइज
सोनी सब के शो 'हस्तिनापुर के वीर' के बाल कलाकारों ने जितेन लालवानी को कार्ड्स और चॉकलेट्स देकर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
तस्वीर में 'हस्तिनापुर के वीर' के कलाकार जितेन लालवानी बाल कलाकारों के साथ चॉकलेट्स हाथ में लिए खड़े हैं।
मुंबई, सितम्बर, 2026: सोनी सब के शो ‘हस्तिनापुर के वीर’ में गुरु-शिष्य के कालातीत रिश्ते को पर्दे पर जीवंत करने वाले गुरु द्रोणाचार्य का किरदार निभा रहे जितेन लालवानी को शिक्षक दिवस पर शो की युवा कलाकार मंडली ने खास सरप्राइज़ दिया। युवा कलाकारों ने उन्हें चॉकलेट्स और दिल से लिखे कार्ड्स देकर शूटिंग के दौरान मिले मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताया।
शो में गुरु द्रोणाचार्य और उनके शिष्यों के माध्यम से सीखने, अनुशासन और मार्गदर्शन पर आधारित गुरु-शिष्य संबंध को दिखाया गया है। सेट पर जितेन लालवानी का युवा कलाकारों के साथ विशेष जुड़ाव है। इसी रिश्ते को ऑफ-स्क्रीन भी खास बनाने के लिए युवा कलाकारों ने उनके लिए यह सरप्राइज़ प्लान किया। सीन और परफॉर्मेंस समझाने से लेकर सलाह देने और कठिन दृश्यों में प्रोत्साहित करने तक, जितेन युवा कलाकारों के लिए ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन दोनों जगह मेंटर बन गए हैं।
शिक्षक दिवस के इस सेलिब्रेशन में शो के रील-लाइफ गुरु और उनके युवा शिष्य एक गर्मजोशी भरे पल में साथ नजर आए। इस दौरान मुस्कानें, चॉकलेट्स और हाथ से लिखे संदेश इस खास मुलाकात का हिस्सा बने।
द्रोणाचार्य का किरदार निभा रहे जितेन लालवानी ने कहा, “शिक्षक दिवस हमेशा खास होता है, लेकिन मेरे युवा सह-कलाकारों का यह सरप्राइज़ इसे और भी यादगार बना गया। जब आप द्रोणाचार्य का किरदार निभाते हैं, तो स्वाभाविक रूप से गुरु होने की ज़िम्मेदारी का एहसास होता है, लेकिन इन युवा कलाकारों के साथ काम करने से मुझे भी बहुत कुछ सीखने को मिला है। उन्हें हर सीन के साथ आत्मविश्वास से बढ़ते देखना और यह जानना कि वे मेरी छोटी-छोटी बातों को महत्व देते हैं, बेहद संतोषजनक है। चॉकलेट्स और कार्ड्स एक प्यारा इशारा था, लेकिन इस सरप्राइज़ के पीछे का प्यार ही वह चीज़ है जिसे मैं सबसे ज़्यादा याद रखूँगा।”
युधिष्ठिर का किरदार निभा रहे अतहर खान ने कहा, “हम जितेन सर के लिए कुछ खास करना चाहते थे, क्योंकि वे सेट पर भी हमारे गुरु जैसे हैं। जब भी हमें किसी सीन को लेकर उलझन होती है, वह हमें समझाते हैं और बताते हैं कि परफॉर्मेंस को बेहतर कैसे बनाया जा सकता है। हमें लगा कि चॉकलेट्स और कार्ड्स उनके लिए अच्छा सरप्राइज़ होगा, क्योंकि वह हमेशा हमारी देखभाल एक शिक्षक की तरह करते हैं। जब हमने उन्हें सरप्राइज़ दिया, तो उनकी जो प्रतिक्रिया थी, उसने दभी का दिल जीत लिया।”
अर्जुन का किरदार निभा रहीं उर्वा सावलिया ने कहा, “जितेन सर हमेशा हमें बहुत प्रोत्साहित करते हैं। यदि किसी सीन से पहले हम नर्वस होते हैं, तो वे हमें रिलैक्स होने और परफॉर्मेंस का आनंद लेने के लिए कहते हैं। मुझे लगता है कि यह उनकी सबसे अच्छी बात है, क्योंकि वह हमें सेट पर सहज महसूस कराते हैं। मैं उनके लिए कार्ड बनाने को लेकर बहुत उत्साहित था, क्योंकि शिक्षक दिवस हमारे लिए यह मौका था कि हम उन्हें बता सकें कि हम उनके सहयोग के लिए आभारी हैं।”
इस तरह शिक्षक दिवस पर ‘हस्तिनापुर के वीर’ के युवा कलाकारों का यह सरप्राइज़ शो में निभाए जा रहे गुरु-शिष्य संबंध को पर्दे से बाहर भी एक भावनात्मक जुड़ाव के साथ सामने लाता है। सोनी सब पर ‘हस्तिनापुर के वीर’ सोमवार से शनिवार रात 9:00 बजे देखा जा सकता है।