रक्षाबंधन पर सिमरन कौर ने बताया खास रिश्ता, बोलीं- हम सभी कजिन्स एक-दूसरे को राखी बाँधते हैं
रक्षाबंधन पर सिमरन कौर ने अपने कजिन्स से जुड़े खास रिश्ते का खुलासा किया। ‘हमारी राधा’ में तोहफे और पत्र से कौन-सा राज खुलेगा?
तस्वीर में अभिनेत्री सिमरन कौर गुलाबी रंग की साड़ी पहने हुए हाथ में पूजा की थाली लिए नजर आ रही हैं।
अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’ की कहानी रक्षाबंधन के मौके पर एक ऐसे मोड़ पर पहुँचने वाली है, जहां एक तोहफा और उसके साथ मिला पत्र रिश्तों से जुड़ा बड़ा राज सामने ला सकता है। इसी बीच शो में राधा का किरदार निभा रहीं सिमरन कौर ने अपने रक्षाबंधन से जुड़े खास रिश्ते और परंपरा के बारे में बताया है।
आने वाले एपिसोड में रक्षाबंधन के उत्सव के बीच शनाया और राधा के तोहफों की अदला-बदली हो जाएगी। ये तोहफे गिरधर ने भेजे हैं। अपनी उम्मीद से अलग तोहफा मिलने पर शनाया आग-बबूला हो जाएगी। वहीं असली राज तब सामने आएगा, जब राधा परिवार के सामने वह तोहफा खोलेगी। मामला तब और गंभीर हो जाएगा, जब राधा को तोहफे के साथ एक पत्र भी मिलेगा। अब सवाल है कि उस तोहफे में ऐसा क्या होगा, जिसे देखकर गिरधर के होश उड़ जाएंगे? क्या राधा के सामने गिरधर और शनाया के रिश्ते का कोई राज खुल जाएगा?
इसी बीच सिमरन कौर ने बताया कि उनके लिए रक्षाबंधन का रिश्ता थोड़ा अलग है। सिमरन सिंगल चाइल्ड हैं, लेकिन अपने कजिन्स के साथ उनका रिश्ता हमेशा से बेहद खास रहा है। वह उन्हें अपने सगे भाई-बहनों की तरह मानती हैं। हर रक्षाबंधन पर सिमरन और उनके कजिन्स एक-दूसरे को राखी बाँधते हैं।
सिमरन का मानना है कि भाई-बहन का रिश्ता केवल राखी बाँधने से नहीं बनता, बल्कि प्यार, परवाह और एक-दूसरे का साथ देने से मजबूत होता है। उनके मुताबिक इस रिश्ते में एक-दूसरे का ख्याल रखना और हर मुश्किल में साथ खड़े रहना भाई और बहन दोनों की जिम्मेदारी है।
रक्षाबंधन को लेकर सिमरन कौर यानी राधा ने कहा, “रक्षाबंधन मेरे लिए हमेशा से बहुत खास रहा है, क्योंकि यह भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत करता है, ऐसा रिश्ता, जो राखी बाँधने से नहीं, बल्कि प्यार, परवाह और एक-दूसरे का साथ देने से बनता है। मैं सिंगल चाइल्ड हूँ, लेकिन मैं खुशकिस्मत हूँ कि मेरे कई कजिन्स हैं, जिन्हें मैंने हमेशा अपने भाई-बहन की तरह माना है। इसलिए हर साल हम एक-दूसरे को राखी बाँधते हैं। मेरे लिए इस त्यौहार की सबसे खास बात यही है कि एक-दूसरे की परवाह और एक-दूसरे की रक्षा करना भाई और बहन दोनों की जिम्मेदारी होनी चाहिए। यह समझना जरूरी है कि यह सिर्फ भाई की ही जिम्मेदारी नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “बड़े होते-होते हम अपनी जिंदगी में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि कई बार अपने भाई-बहनों को यह बताना भूल जाते हैं कि वे हमारे लिए कितने खास हैं। रक्षाबंधन जैसे त्यौहार हमें कुछ पल रुककर उस रिश्ते को याद करने, उसे मजबूत बनाए रखने और उन्हें यह बताने का मौका देते हैं कि हम उनसे कितना प्यार करते हैं और हमारी जिंदगी में उनके लिए हमेशा एक खास जगह रहेगी।”
वहीं ‘हमारी राधा’ की कहानी भी अब भावुक मोड़ लेने वाली है। गिरधर का किरदार अक्षय म्हात्रे निभा रहे हैं, जबकि शनाया के किरदार में वैदेही नायर हैं। गिरधर को लेकर राधा के मन में बढ़ते सवाल अब उसके रिश्ते पर भरोसे को चुनौती देने लगे हैं। क्या ये सवाल राधा को गिरधर और शनाया के बीच की सच्चाई तक पहुँचा पाएँगे, यह आने वाले एपिसोड में सामने आएगा।