महिला आरक्षण कानून 2023 लागू करने की मांग, सीकरी में कांग्रेस का प्रदर्शन

एडवोकेट स्वेता यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कानून को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग उठाई।

Update: 2026-05-09 10:31 GMT

राजस्थान के सीकरी स्थित बाजिव अली चौक पर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष एडवोकेट स्वेता यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया।

महिला आरक्षण कानून 2023 को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर सीकरी के बाजिव अली चौक चौराहे पर महिला कांग्रेस के नेतृत्व में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। पूर्व मंत्री वाजिब अली के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi का पुतला दहन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष एडवोकेट स्वेता यादव ने किया। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एडवोकेट स्वेता यादव ने कहा कि महिला आरक्षण कानून 2023 महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन इसे लागू करने में हो रही देरी से महिलाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से बिना किसी विलंब के कानून को तत्काल लागू करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष को और तेज किया जाएगा तथा सड़क से सदन तक आवाज उठाई जाएगी। स्वेता यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से जोड़कर राजनीतिक और निर्वाचन ढांचे में बदलाव करना चाहती है, जो संविधान पर सीधा आघात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने के पक्ष में रही है, जबकि भाजपा सरकार परिसीमन के माध्यम से अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार ढांचा बदलना चाहती है, जिसे कांग्रेस स्वीकार नहीं करेगी।

इस दौरान इंजमाम ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर भ्रम फैला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर आम जनता को भ्रमित कर बेरोजगारी, महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि महिला आरक्षण कानून को लागू कराने की मांग को लेकर आंदोलन आने वाले समय में और तेज हो सकता है। इस दौरान डीग जिला उपाध्यक्ष सकुनत, नगर ब्लॉक अध्यक्ष हेमलता, निरमा महिला सचिव, गीता बाई सचिव, मोना, रेखा, भोतई, ओमप्रकाश, सुगड़ सिंह, धर्म सिंह, अज़ीज़ खान, नानक, वीरा पहलवान, रोहितास, योगेश, अकरम, यादराम और हबीब सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Similar News