डीग: ग्राम रथ अभियान के तहत अशोक परनामी और नौक्षम चौधरी ने सुनीं समस्याएं

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और कामां विधायक नौक्षम चौधरी ने पापड़ा और खड़ेवला गांवों में रात्रि चौपाल कर विकास कार्यों की समीक्षा की।

Update: 2026-05-09 08:05 GMT

डीग के खड़ेवला गांव में सुशासन की ओर बढ़ते कदम ग्राम रथ अभियान के दौरान ग्रामीणों से संवाद करते पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और विधायक नौक्षम चौधरी।

डीग, 09 मई। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और कामां विधायक नौक्षम चौधरी ने शुक्रवार को सुशासन की ओर बढ़ते कदम ग्राम रथ अभियान के तहत कामवन पहाड़ी क्षेत्र के पापड़ा और खड़ेवला गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। गांवों में आयोजित रात्रि चौपाल कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जहां जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

ग्राम रथ यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और विधायक नौक्षम चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति देना प्राथमिकता है।

ग्राम खड़ेवला में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान अशोक परनामी और विधायक नौक्षम चौधरी ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। इस पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर कार्यों में गति लाने पर जोर दिया गया।

ग्रामीणों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को नजदीक से समझने के उद्देश्य से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने ग्राम खड़ेवला में रात्रि विश्राम भी किया। ग्राम रथ अभियान के जरिए जनप्रतिनिधियों का ग्रामीणों के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित करना क्षेत्र में सुशासन और विकास को लेकर सरकार की सक्रियता का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

Similar News