डीग: 40 हजार का इनामी बदमाश डालचन्द पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
डीग की जिला स्पेशल टीम और कामां पुलिस ने जवाबी फायरिंग के बाद भरतपुर रेंज के वांछित अपराधी डालू को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा।
डीग में पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम और कामां थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भरतपुर रेंज के 40 हजार रुपये के इनामी बदमाश डालचन्द उर्फ डालू पुत्र निहाल सिंह निवासी बरखेड़ा साद थाना नगर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार 8 मई को डीएसटी प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह को कामां थाने के कांस्टेबल बृजेश बेल्ट नंबर 463 के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि थाना कामां के मुकदमा नंबर 136/2026 में वांछित तथा भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक द्वारा घोषित इनामी अपराधी डालचन्द उर्फ डालू किसी बड़ी वारदात की फिराक में कामां क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही डीएसटी प्रभारी मय जाप्ता सक्रिय हुए और इलाके में घेराबंदी शुरू की गई।
कलावटा के पहाड़ों के पास खूनी नहर की पुलिया पर पुलिस टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश डालू ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अपने पास मौजूद अवैध 315 बोर कट्टे से सीधे तीन राउंड फायर कर दिए। अचानक हुई फायरिंग के बीच पुलिस टीम ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए खुद को सुरक्षित रखा।
स्थिति को नियंत्रित करने और जाप्ते की सुरक्षा के लिए डीएसटी प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह ने आत्मरक्षा में अपनी सरकारी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश के बाएं पैर में लगी। घायल होने के बावजूद आरोपी भागने का प्रयास करता रहा, लेकिन कांस्टेबल बृजेश ने अपनी जान जोखिम में डालकर तत्परता से उसे दबोच लिया।
मौके से पुलिस ने एक अवैध देशी कट्टा 315 बोर, चौम्बर में फंसा एक खाली खोखा, जमीन पर पड़े दो खाली खोखे, आरोपी की जेब से दो जिंदा कारतूस तथा एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। घटनास्थल पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 105 के तहत ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी कर डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए।
गिरफ्तार आरोपी डालचन्द उर्फ डालू के खिलाफ थाना कामां पर प्रकरण संख्या 233/2026 में बीएनएस की धारा 121(1), 109(1), 32 तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। घायल आरोपी का इलाज राजकीय उप जिला अस्पताल कामां में पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है। मामले की अग्रिम जांच उपनिरीक्षक अन्तूलाल द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल बृजेश बेल्ट नंबर 463 थाना कामां, कांस्टेबल रामबीर बेल्ट नंबर 337 और कांस्टेबल परशराम बेल्ट नंबर 783 की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।