गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने डीग में ग्राम रथ अभियान का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर 13 विभागों के अधिकारी गांवों में पहुंचकर मौके पर ही कर रहे हैं जनसमस्याओं का त्वरित समाधान।
डीग जिले के प्रवास के दौरान ग्राम विकास रथ का अवलोकन करते गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और जिला कलेक्टर मयंक मनीष।
डीग, 09 मई। प्रदेश के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शुक्रवार को डीग जिले के प्रवास के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्पष्ट निर्देश हैं कि सरकार स्वयं जनता के द्वार तक पहुँचे और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने ग्राम रथ अभियान को किसानों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि प्रशासन अब सीधे गांवों तक पहुँचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है।
गृह राज्य मंत्री ने बताया कि अभियान के तहत कृषि, राजस्व, सिंचाई और पंचायती राज सहित 13 महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी ग्राम विकास रथ के साथ चल रहे हैं, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही संध्या चौपाल के माध्यम से सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान गृह राज्य मंत्री और जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने ग्राम विकास रथ पर लगी एलईडी स्क्रीन के जरिए योजनाओं के डिजिटल प्रदर्शन का अवलोकन किया और ग्रामीणों को उनकी पात्रता के प्रति जागरूक किया।
किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए बेढ़म ने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र की सम्मान निधि में 3 हजार रुपये की अतिरिक्त वृद्धि कर इसे 9 हजार रुपये वार्षिक कर दिया है। उन्होंने किसानों के लिए गोपाल कार्ड और आधुनिक कृषि उपकरणों हेतु इक्विपमेंट बैंक की जानकारी देते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर किसान अब किफायती किराए पर कल्टीवेटर और अन्य कृषि उपकरण प्राप्त कर सकेंगे। बेमौसम बारिश से हुए नुकसान पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार गिरदावरी रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और जिन किसानों का बीमा नहीं था, उनके लिए मुआवजा प्रक्रिया पाइपलाइन में है। साथ ही टपक सिंचाई और उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने पर भी विशेष बल दिया गया।
ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में गृह राज्य मंत्री ने पास्ता-परमदरा-महमदपुर-पन्हौरी मार्ग के लिए 27 करोड़ रुपये की डीपीआर स्वीकृत होने की जानकारी दी। उन्होंने ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण कार्य के बिना किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा। परमदरा माइनर परियोजना के लिए 9.5 करोड़ रुपये का टेंडर पूरा होने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 11 मई को जल संसाधन मंत्री स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर कार्य का लोकार्पण करेंगे।
पेयजल संकट के स्थायी समाधान को लेकर बेढ़म ने कहा कि चंबल परियोजना के टेंडर पूरे हो चुके हैं और हर घर नल योजना के तहत आगामी दो से तीन महीनों में 40 प्रतिशत कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
युवाओं के भविष्य को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए गृह राज्य मंत्री ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर अटल ज्ञान केंद्र और आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित करने के लिए बजट आवंटित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने पेपर लीक पर पूर्ण रोकथाम, पारदर्शी भर्ती कैलेंडर और समयबद्ध नियुक्तियों की दिशा में सख्त कदम उठाए हैं, जिससे ईमानदार युवाओं को उनकी मेहनत का उचित अधिकार मिलेगा।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 1250 रुपये किए जाने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.5 लाख रुपये की सहायता राशि दिए जाने की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। स्थानीय विकास कार्यों को गति देने के लिए उन्होंने बीडीओ को खेतों की ओर जाने वाली सड़कों, संपर्क मार्गों और सड़क मरम्मत कार्यों के एस्टीमेट तैयार कर स्वीकृति दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि जब तक निर्माण और मरम्मत कार्य मानकों के अनुरूप नहीं होंगे, संबंधित ठेकेदारों को भुगतान नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में गृह राज्य मंत्री ने ग्रामीणों द्वारा किए गए स्वागत पर आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि प्रशासन और राज्य सरकार पारदर्शी तथा जन-उन्मुख सेवाओं के माध्यम से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।