डीग के जरखोड़ धाम में बाबा घनश्याम दास की 34वीं पुण्यतिथि पर भंडारा
हनुमान मंदिर परिसर में संत समागम व भजन-जिकड़ी के साथ विशाल मेले का हुआ आयोजन, 70 गांवों के श्रद्धालुओं ने ली प्रसादी।
तस्वीर में डीग के जरखोड़ धाम में साधु-संत और श्रद्धालु धार्मिक आयोजन में शामिल दिख रहे हैं।
डीग, 24 सितंबर। डीग जिले के जरखोड़ धाम स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर पर सिद्ध महात्मा बाबा श्री घनश्याम दास जी महाराज की 34वीं पुण्यतिथि के अवसर पर समस्त ग्रामवासियों की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेला भी लगाया गया। भजन-जिकड़ी के आयोजन के पश्चात आसपास के 70 गांवों से पहुंचे हजारों भक्तों, श्रद्धालुओं और साधु-संतों ने भंडारे में प्रसादी ग्रहण की।
दिल्ली निवासी भक्त नीतू कवातरा ने बताया कि बाबा घनश्याम दास जी के सानिध्य में समय-समय पर विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। यहां प्रसिद्ध हनुमान जी मंदिर का निर्माण बाबा घनश्याम दास जी ने ही करवाया तथा उनकी सेवा में अपना जीवन व्यतीत किया।
नीतू कवातरा ने बताया कि बाबा घनश्याम दास जी के दर्शन मात्र से भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। उनके बाद बाबा रामदास सेवादार रहे तथा बाबा लक्ष्मण दास जी एवं बाबा नारायण दास जी उनके सेवक के रूप में यहां विराजमान हैं।
संत समागम और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण इस मनोरम स्थान पर भक्तों की अटूट श्रद्धा है। पुण्यतिथि के अवसर पर महंत लक्ष्मण, नारायण दास जी महाराज व नारायण पंडित जी, प्रियम गुलाटी, साहिल अरोड़ा, राकेश कौशिक, आशीष नारंग, कमल खुराना, राकेश कौशिक, उमेश गुलाटी सहित भक्त और साधु-संत मौजूद रहे।