तस्वीर में बाएं से अभिनेता अमिताभ बच्चन और प्रकाशक गणपत कोठारी मुंबई में मुलाकात के दौरान 'बॉलीवुड मिरर' पुस्तक भेंट करते हुए नजर आ रहे हैं।

मुंबई। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से प्रकाशक गणपत कोठारी की यादगार मुलाकात हुई। इस दौरान गणपत कोठारी ने उन्हें उनके 84वें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों तथा राष्ट्र के प्रति योगदान पर आधारित 125 पृष्ठों की विशेष पुस्तक ‘बॉलीवुड मिरर’ भेंट की। पुस्तक देखकर अमिताभ बच्चन ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसमें प्रस्तुत उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने तत्काल पुस्तक पर अपना ऑटोग्राफ भी दिया।

इस विशेष मुलाकात के अवसर पर गणपत कोठारी ने अमिताभ बच्चन को दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की मंगलकामनाएं दीं। उन्हें भेंट की गई पुस्तक ‘बॉलीवुड मिरर’ में बाल्यावस्था से लेकर 84 वर्ष की आयु तक की उनकी प्रेरणादायी जीवन यात्रा, फिल्म जगत में अतुलनीय योगदान, अभिनय की असाधारण उपलब्धियों और समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा सेवा कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया गया है।

पुस्तक के साथ गणपत कोठारी ने उन्हें स्मृति-स्वरूप अयोध्या धाम स्थित प्रभु श्रीराम मंदिर की सुंदर प्रतिकृति भी भेंट की। अमिताभ बच्चन ने इस आत्मीय भेंट के लिए आभार व्यक्त किया।

‘बॉलीवुड मिरर’ के पृष्ठों को देखने के बाद अमिताभ बच्चन ने उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं को इतने विस्तार से संकलित करने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि उनके जीवन सफर को इतने विस्तार से प्रस्तुत करने वाली यह पहली फिल्मी पुस्तक है। इसके बाद उन्होंने पुस्तक पर तत्काल अपने हस्ताक्षर कर गणपत कोठारी को ऑटोग्राफ दिया। गणपत कोठारी ने इसे अपने लिए गौरव और भावनात्मक प्रसन्नता का क्षण बताया।

मुलाकात के दौरान अमिताभ बच्चन के पैतृक गांव बाबूपट्टी से जुड़ी स्मृतियों और वहां की परिस्थितियों पर भी आत्मीय चर्चा हुई। इसके साथ ही जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और समाज के प्रति दायित्वों को लेकर भी सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

गणपत कोठारी ने अमिताभ बच्चन के आत्मीय व्यवहार, स्नेहपूर्ण अभिवादन और पुस्तक के प्रति उनकी प्रशंसा को अविस्मरणीय अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के दौरान बिताए पल उनके लिए जीवनभर संजोकर रखने वाली अनमोल स्मृति रहेंगे।

उन्होंने अमिताभ बच्चन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनके स्वस्थ, प्रसन्न और दीर्घायु रहने की कामना की। साथ ही आशा जताई कि वे अपनी विलक्षण प्रतिभा, प्रेरणादायी व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान से देश और समाज को निरंतर गौरवान्वित करते रहेंगे।