भारत जैन महामंडल की 'गुरुदर्शन यात्रा' 10 अक्टूबर से, बीकानेर और लाडनूं जाएगा दल
राष्ट्रीय अध्यक्ष ख्यालीलाल तातेड के नेतृत्व में 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आचार्य रामलाल और आचार्य महाश्रमण के दर्शन कर समाज में आध्यात्मिक एकता बढ़ाएगा।
तस्वीर में भारत जैन महामंडल का आधिकारिक गोलाकार लोगो दिखाई दे रहा है।
भारत जैन महामंडल की ओर से जैन समाज में आध्यात्मिक चेतना, संगठनात्मक एकता और संत-परंपरा के प्रति श्रद्धा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘गुरुदर्शन यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत महामंडल का लगभग 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष ख्यालीलाल तातेड के नेतृत्व में 10 अक्टूबर को मुंबई से बीकानेर के लिए रवाना होगा।
यात्रा के प्रथम चरण में प्रतिनिधिमंडल बीकानेर में आचार्य रामलाल महाराज साहब के दर्शन-वंदन करेगा। इसके बाद विश्वभारती, लाडनूं में आचार्य महाश्रमण प्रवर के दर्शन, सेवा और प्रवचन का लाभ लेगा। इस यात्रा के माध्यम से जैन समाज में आध्यात्मिक जुड़ाव और संत-परंपरा के प्रति श्रद्धा को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
भारत जैन महामंडल के महामंत्री बाबूलाल बाफना ने बताया कि यात्रा के आयोजन और व्यवस्थाओं को लेकर पदाधिकारी जुटे हुए हैं। यात्रा का समन्वय विनोद बोहरा कर रहे हैं, जबकि व्यवस्था संपादन की जिम्मेदारी कोषाध्यक्ष सुरेश आंचलिया, युवा अध्यक्ष भूपेश कोठारी और अन्य पदाधिकारी संभाल रहे हैं।
भारत जैन महामंडल की यह गुरुदर्शन यात्रा संतों के दर्शन-वंदन, सेवा और प्रवचन के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना को प्रोत्साहित करने के साथ जैन समाज की संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।