तस्वीर में निम्बाहेड़ा के वंडर सीमेंट रूरल डवलपमेंट सेंटर में आयोजित नवोदय प्रवेश परीक्षा मार्गदर्शन सेमिनार में उपस्थित विद्यार्थी और शिक्षक नजर आ रहे हैं।

निम्बाहेड़ा। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वंडर सीमेंट लिमिटेड की ओर से 9 अगस्त 2026 को वंडर सीमेंट रूरल डवलपमेंट सेंटर में नवोदय प्रवेश परीक्षा मार्गदर्शन एवं प्रेरणा सेमिनार का आयोजन किया गया। नीव इनीशिएटिव के तहत यूनिट हेड श्री नितिन जैन के निर्देशन में संचालित उड़ान कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस सेमिनार में क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के 150 से अधिक विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान वंडर सीमेंट रूरल डवलपमेंट सेंटर की ओर से उपस्थित सभी विद्यार्थियों को नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए अध्ययन किट नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई। किट में परीक्षा की तैयारी के लिए उपयोगी OMR शीट, अभ्यास पुस्तिका सहित अन्य अध्ययन सामग्री शामिल थी। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा की तैयारी के संबंध में सही मार्गदर्शन देना, परीक्षा प्रक्रिया से अवगत कराना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसरों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विशेषज्ञ शिक्षक श्री किशन लाल गायरी ने विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय की चयन प्रक्रिया, परीक्षा का स्वरूप, अध्ययन रणनीति, समय प्रबंधन तथा सफलता के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान भी किया और विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय में पूर्व चयनित छात्रा सुश्री आरती मेघवाल भी उपस्थित रहीं। उनकी उपस्थिति ने विद्यार्थियों के लिए नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के प्रति प्रेरणा का अवसर प्रदान किया।

उल्लेखनीय है कि वंडर सीमेंट लिमिटेड शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए निरंतर विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन कर रहा है। इसी क्रम में वंडर सीमेंट रूरल डवलपमेंट सेंटर द्वारा विद्यार्थियों के लिए नवोदय प्रवेश परीक्षा (NVS) की तैयारी हेतु अनुभवी एवं विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इन कक्षाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक भट्ट एवं श्रीमती कृष्णा जायसवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वंडर सीमेंट रूरल डवलपमेंट सेंटर के श्री मनीष कुमार आमेटा सहित समस्त टीम का विशेष सहयोग रहा। नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और ऑनलाइन कक्षाओं की यह पहल ग्रामीण विद्यार्थियों को परीक्षा की प्रक्रिया समझने तथा व्यवस्थित तैयारी करने में सहायता प्रदान कर रही है।

Tags: