तस्वीर में बड़ी संख्या में ग्रामीण साड़ास थाने के बाहर पुलिस अधिकारियों साथ हैं.   

बिहार के हाजीपुर थाना क्षेत्र में कोजुन्दा निवासी उदयलाल बलाई की मौत के बाद साड़ास कस्बे में ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। युवक की मौत की सूचना मिलने के बावजूद शव परिजनों को नहीं सौंपे जाने और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों ने साड़ास थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिहार में आइसक्रीम का कारोबार करने वाले लादूलाल जाट के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।

ग्रामीणों के अनुसार, कोजुन्दा निवासी उदयलाल पुत्र नारायण लाल बलाई को भीलवाड़ा जिले के बागौर निवासी लादूलाल जाट मजदूरी के लिए बिहार के वैशाली जिले में लेकर गया था। लादूलाल वहां कुल्फी और आइसक्रीम बेचने का काम करता है। ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिन पूर्व लादूलाल ने उदयलाल के परिजनों को फोन कर जानकारी दी कि उदयलाल कुल्फी के टेम्पों से गायब हो गया है और उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ है।

इसके दो दिन बाद लादूलाल ने परिजनों को बताया कि उदयलाल की मृत्यु हो गई है और किसी ने उसकी हत्या कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सूचना के बाद भी दो दिन बीत जाने के बावजूद न तो युवक का शव लेकर कोई वहां पहुंचा और न ही परिजनों को मामले के संबंध में कोई जानकारी मिली। इसी को लेकर शनिवार को साड़ास के ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और लादूलाल जाट के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा मृतक का शव परिजनों को सौंपने की मांग की।

इस मामले में गंगरार पुलिस उपाधीक्षक उदयसिंह ने बताया कि युवक के साथ बिहार के हाजीपुर थाना क्षेत्र में घटना हुई है और वहां हत्या का मामला दर्ज है। ऐसे में घटनास्थल पर ही मामला दर्ज किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।

व्यापारी ने दर्ज कराई गुमशुदगी

दूसरी ओर, जानकारी सामने आई है कि उदयलाल के गायब होने के बाद लादूलाल जाट ने हाजीपुर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लादूलाल ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि गत 6 अक्टूबर को वह देवराज पथ पर आइसक्रीम बेच रहा था। इसी दौरान उदयलाल करीब साढ़े 8 बजे गायब हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला तो हाजीपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दी गई।

लादूलाल ने अपनी रिपोर्ट में यह भी बताया कि उदयलाल का किसी से कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ था। अब जानकारी दी जा रही है कि लापता युवक का दो दिन बाद शव मिला है। युवक की मौत, शव परिजनों को सौंपने में हो रही देरी और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर साड़ास के ग्रामीणों में आक्रोश है। मामले में बिहार पुलिस की कार्रवाई के बीच परिजन शव मिलने और उसे सौंपे जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Tags: