चित्तौड़गढ़ में नवरात्रि गरबा महोत्सव शुरू, सज गए पांडाल
मेवाड़ महोत्सव समिति और जय अम्बे युवा मंडल के आयोजन में नौ दिनों तक विभिन्न प्रतियोगिताओं और महाआरती के साथ झूमेंगे युवा।
तस्वीर में चित्तौड़गढ़ में गरबा महोत्सव के लिए तैयार किया गया नीला पांडाल नजर आ रहा है.
चित्तौड़गढ़। नवरात्रि के उल्लास के बीच चित्तौड़गढ़ शहर के विभिन्न पांडालों में आज से डांडियों की खनक गूंजेगी। शहर में आयोजित होने वाले गरबा और डांडिया महोत्सवों में युवा देर रात तक उत्साह के साथ थिरकेंगे। महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में मेवाड़ महोत्सव समिति की ओर से आयोजित होने वाले भव्य नवरात्रि डांडिया महोत्सव ‘जयकारा’ की शनिवार को सभी अंतिम तैयारियां पूरी कर ली गईं। इसी के साथ गांधीनगर स्थित त्रिपोलिया बाग में जय अम्बे युवा मंडल के तत्वावधान में भी नौ दिवसीय रंगारंग डांडिया महोत्सव प्रारंभ होगा।
मेवाड़ महोत्सव समिति के अध्यक्ष अनंत समदानी, संरक्षक आशा पोखरना और सचिव लीला आगाल के मार्गदर्शन में ‘जयकारा’ महोत्सव को भव्य, आकर्षक और यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। समदानी ने बताया कि समिति अपनी 26 वर्षों की विश्वासपूर्ण और गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी नवरात्रि के उल्लास को भव्य रूप देने के लिए तैयार है। समिति का ध्येय वाक्य ‘26 वर्षों का विश्वास मेवाड़ महोत्सव समिति के साथ’ आयोजन की परंपरा को समर्पित है। महोत्सव को लेकर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है। आयोजन का उद्देश्य मेवाड़वासियों को नवरात्रि के दौरान भक्ति, संस्कृति, परंपरा और उत्साह से भरपूर भव्य आयोजन उपलब्ध कराना है।
गोपाल भूतड़ा ने बताया कि महोत्सव में प्रतिदिन रात 8:30 बजे माता रानी की आरती के साथ कार्यक्रम शुरू होगा। नवरात्रि के सभी नौ दिनों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें बच्चों की विचित्र वेशभूषा, प्रिंस-प्रिसेस, रास रंगीलो ग्रुप गरबा, मेवाड़ डांडिया किंग, मेवाड़ मिस डांडिया क्वीन, मेवाड़ मिसेज डांडिया क्वीन, मेवाड़ युगल डांडिया, मेवाड़ ग्रुप गरबा रास, मेवाड़ फ्री स्टाइल और गुजराती हाथ गरबा सहित कई रोचक प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
आयोजन के लिए एक लाख स्क्वायर फीट के विशाल प्रांगण में पांडाल तैयार किया गया है। यहां अतिथि स्टेज, माता का भव्य मंदिर, आकर्षक गैलरी, प्रतिभागियों और भक्तों के थिरकने के लिए शानदार साउंड सिस्टम तथा माताजी की विशाल एवं भव्य प्रतिमा सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महोत्सव को भव्य बनाने और व्यवस्थाएं संभालने में समिति के पदाधिकारियों के साथ अनुराग द्विवेदी, यश टेलर, बलजीत सिंह सोनी, अनुराग बांगड़, अभिमन्यु माहेश्वरी, विकास गंगवाल, अभिषेक मूंदड़ा, बंटी शर्मा, गोपाल पोरवाल, हिमांशु जाजू, सन्नी सुखवाल, महेंद्र राजावत, अक्षत माहेश्वरी, तनिष्क मूंदड़ा, अभिषेक व्यास, भावना आगाल, जया तोषनीवाल, राधा काबरा, रीना जागेटिया, रेखा समदानी, प्रिया व्यास, ज्योति तिवारी और सीमा सुखवाल सहित अन्य कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
इसी क्रम में जय अम्बे युवा मंडल के तत्वावधान में गांधीनगर स्थित त्रिपोलिया बाग में नौ दिवसीय रंगारंग डांडिया महोत्सव शुरू होगा। रोहित बोरिवाल ने बताया कि आज शाम 5:15 बजे मां शेरावाली की मूर्ति की स्थापना पूरी विधि-विधान से की जाएगी। शाम 8:15 बजे आरती के बाद प्रसाद वितरण होगा। गरबा स्थल पर विशेष मंदिर की विद्युत सज्जा की गई है।
पार्षद सुमित मीणा ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी मां की मूर्ति मिट्टी से बनवाई गई है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और हर दिन पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। दर्शकों के लिए भी कई प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन रखा गया है।
शहर में दोनों आयोजनों के साथ नवरात्रि के दौरान भक्ति, पारंपरिक गरबा और डांडिया की गतिविधियां नौ दिनों तक जारी रहेंगी। विभिन्न प्रतियोगिताओं, आरती, प्रसाद वितरण और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से शहर के पांडालों में नवरात्रि उत्सव का माहौल बनेगा।