हाईवे पर टैंकर से डीजल चोरी कर बेचने का खुलासा, 430 लीटर अवैध डीजल जब्त
चित्तौड़गढ़ में हाईवे स्थित ढाबे पर टैंकर से डीजल चोरी कर बेचने का खुलासा, पुलिस ने 430 लीटर अवैध डीजल सहित 2 आरोपियों को पकड़ा।
तस्वीर में शंभूपुरा के नेशनल हाईवे पर स्थित होटल जंभेश्वर ढाबे के पास जब्त किए गए डीजल टैंकर के सामने खड़े चार व्यक्ति नजर आ रहे हैं।
डीएसटी एवं पुलिस थाना शंभूपुरा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर जालमपुरा पुलिया के पास स्थित होटल जंभेश्वर ढाबे पर टैंकर से डीजल निकालकर अवैध रूप से बेचने का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से टैंकर, 2 ड्रम और 2 प्लास्टिक के केनों में भरा कुल 430 लीटर अवैध डीजल जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान होटल संचालक एवं टैंकर चालक सहित 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि हाईवे रोड पर टैंकरों से अवैध रूप से डीजल एवं पेट्रोलियम ज्वलनशील पदार्थ चोरी कर निकालने और बेचने की जानकारी सामने आने पर कार्रवाई के लिए एक टीम गठित की गई थी।
डीएसटी टीम प्रभारी एएसआई सुरज कुमार मय जाप्ता को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि नेशनल हाईवे जालमपुरा पुलिया, इंडियन ऑयल डीपो ओछड़ी के पास स्थित होटल जम्भेश्वर ढाबा पर एक टैंकर से डीजल चोरी किया जा रहा है। सूचना विश्वसनीय होने पर एएसआई टीम एवं थाना शंभूपुरा पुलिस ने होटल पर कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से टैंकर और ज्वलनशील पदार्थ डीजल को नियमानुसार जब्त किया। इस मामले में श्रवण पुत्र बाबूराम विश्नोई एवं चालक माणकराम पुत्र मंगलराम विश्नोई, निवासी पलिना, थाना लोहावट, फलोदी को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 430 लीटर अवैध डीजल, 02 ड्रम, 02 प्लास्टिक के केन और डीजल टैंकर जब्त किया है। डीएसटी एवं थाना शंभूपुरा की संयुक्त कार्रवाई से हाईवे पर टैंकरों से डीजल निकालकर अवैध रूप से बेचने के मामले का खुलासा हुआ है।