बड़ीसादड़ी में समरसता संदेश यात्रा का भव्य स्वागत, समता-मानवता का दिया संदेश
बड़ीसादड़ी में गुरु रविदास जयंती पर समरसता संकल्प एवं कलश वंदन यात्रा का भव्य स्वागत हुआ, जहां सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
तस्वीर में बड़ीसादड़ी के श्री बाबा रामदेव मंदिर के बाहर संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित कलश वंदन यात्रा और समरसता संकल्प अभियान में शामिल लोग स्वागत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बड़ीसादड़ी। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशव्यापी संत संपर्क अभियान के तहत आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा’ का बड़ीसादड़ी नगर में भाजपा नगर मंडल के तत्वावधान में श्री बाबा रामदेव मंदिर, कानोड़ दरवाजा में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कलश यात्रा के पहुंचने पर पुष्प वर्षा और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शामिल अतिथियों का पगड़ी एवं उपरना पहनाकर सम्मान किया गया। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, सेवा, सद्भाव एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश प्रमुखता से प्रतिध्वनित हुआ। श्रद्धालुओं, समाजजनों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर संत रविदास जी के विचारों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। संतों के आदर्शों को अपनाकर ही सामाजिक सौहार्द, एकता और राष्ट्रहित की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष धनपाल मेहता ने कहा कि संत गुरु रविदास जी महाराज ने समता, मानवता और सामाजिक न्याय का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को एक सूत्र में बांधने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समरसता ही सशक्त और विकसित भारत की आधारशिला है।
अनिल चौहान एवं कमल रेगर ने संत रविदास जी के जीवन दर्शन, सेवा भावना और सामाजिक समरसता के संदेश को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, वाल्मीकि समाज, रेगर समाज, सालवी समाज के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, भाईचारे और समरस समाज के निर्माण के संकल्प को नई मजबूती प्रदान की गई।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष धनपाल मेहता, पूर्ण नगर अध्यक्ष जिनेंद्र डांगी, संजय नागौरी, पार्षद अनिल चौहान, सुनील पितलिया, नवीन सोनावा, दीपक नाहर, कमल रेगर, राहुल मेहता, पूर्व पार्षद धर्मेंद्र सिंह पवार, सुरेश सुथार, दीपक सराफ, दिलीप रेगर सहित सभी समाजों के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन में संत रविदास जी के समता, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।