तस्वीर में बड़ी सादड़ी खंड मुख्यालय पर आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के युवा सम्मेलन के दौरान मुख्य वक्ता डॉ. विनोद यादव विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं।

बड़ी सादड़ी खंड मुख्यालय पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के निमित्त युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। राजकीय महाविद्यालय बड़ी सादड़ी और विवेकानंद अकादमी उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. विनोद यादव ने कहा कि युवा अपने जीवन में पंच परिवर्तन को आत्मसात कर सच्चे मायने में भारत माता की जय कर सकते हैं।

डॉ. विनोद यादव, जो संघ के चित्तौड़ प्रांत के महाविद्यालय विद्यार्थी प्रमुख के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में समाज में पंच परिवर्तन के तहत कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता व सद्भाव, पर्यावरण पूरक जीवन शैली, नागरिक कर्तव्य और स्व का भाव जीवन में आत्मसात करने से निश्चित रूप से भारत माता की जय होगी। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वाले युवा सच्चे देशभक्त कहलाएंगे।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि छोटी-छोटी बातें बड़े सुधार ला सकती हैं। राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा की शुरुआत स्वयं से करनी होगी और हर अच्छे कार्य की पहल खुद करना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि स्कूल, कॉलेज और अपनी कक्षाओं में समय पर लाइट बंद करना भी राष्ट्रभक्ति का एक माध्यम हो सकता है।

डॉ. यादव ने शहीद भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद जैसे महापुरुषों का उदाहरण देते हुए कहा कि वह समय था, जब हमारा देश अंग्रेजों का गुलाम था। उन्होंने देश की आजादी के लिए आंदोलन किया और हंसते-हंसते देश के लिए कुर्बानी दे दी। यह भी सच्ची राष्ट्रभक्ति थी। वर्तमान परिवेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारत माता की जय चाहता है और युवाओं के माध्यम से बदलाव तथा पंच परिवर्तन के जरिए देश की दशा और दिशा बदलना चाहता है।

उन्होंने कहा कि युवा का विलोम अर्थ वायु होता है। युवा वायु से भी तेज बुद्धि के साथ समाज में राष्ट्रीयता की भावना को बढ़ावा दे सकता है। संघ के शताब्दी वर्ष में होने वाले आयोजनों की अंतिम कड़ी के रूप में 9 अगस्त से 20 अगस्त तक युवा आधारित संगोष्ठियों, सम्मेलनों, संवादों, भारत को जानो प्रतियोगिता, वन विहार, खेलकूद प्रतियोगिता जैसे विभिन्न प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पूरे देशभर के लगभग साढ़े 29 करोड़ युवाओं तक जागरण अभियान चलाया जाएगा।

डॉ. यादव ने कहा कि संघ की शुद्ध मंशा भारत अखंड था, है और आगे भी अखंड रहेगा, इस परिकल्पना को साकार करना है। भारत को परम वैभव तक ले जाना और विश्व गुरु बनाना लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि 100 वर्षों से संघ व्यक्ति निर्माण से लेकर तत्व निश्चित भाव से कार्यकर्ताओं का विकास करते हुए संघ की शाखाओं के माध्यम से सभी कार्य कर रहा है।

उन्होंने वर्तमान परिवेश में राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से कुटुंब प्रबोधन और स्व के भाव को जागृत करने, अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने तथा पर्यावरण के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपने घरों से सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त कार्यक्रमों की शुरुआत करनी चाहिए।

आज के दोनों कार्यक्रमों में डॉ. विनोद यादव ने विद्यार्थियों के सामने ये विचार रखे। इस ऐतिहासिक अवसर पर चित्तौड़ विभाग के सह कार्यवाह लाभचंद तथा दोनों शिक्षण संस्थानों के संस्था प्रधान देवेन्द्र सिंह और रामेश्वर लाल भी मौजूद थे।

Tags: