रक्षाबंधन पर सजे बाजार, राखियों से लेकर मिठाइयों और नारियल की खरीदारी में जुटीं बहनें
रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर चित्तौड़गढ़ के बाजार राखियों, नारियल और मिठाइयों की खरीदारी से गुलजार नजर आए।
तस्वीर में शहर के बाजार में सजी राखी की दुकानों पर महिलाएं और लोग खरीदारी करते हुए नजर आ रहे हैं।
भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक माने जाने वाले रक्षाबंधन पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक दिखाई देने लगी है। सावन शुक्ल पूर्णिमा 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर बहनें भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधेंगी और पर्व को लेकर बाजारों में खरीदारी का दौर तेज हो गया है।
शहर के विभिन्न बाजारों में राखियों की दुकानें सज गई हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां अपनी पसंद की राखियां खरीदने में व्यस्त नजर आ रही हैं। बच्चों के लिए कार्टून वाली राखियों से लेकर बड़ों के लिए रक्षा सूत्र तक की खरीदारी की जा रही है।
रक्षाबंधन पर श्री समृद्धि के प्रतीक श्रीफल को रक्षा सूत्र के साथ भेंट करने की परंपरा के चलते बाजार में कई स्थानों पर नारियल के ढेर भी नजर आ रहे हैं। वहीं, शहर के मिठाई बाजार सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों पर मिठाइयों की खरीदारी के लिए भी भीड़ देखने को मिल रही है।
रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर राखी, नारियल और मिठाइयों की खरीदारी को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से पर्व की तैयारियों का माहौल साफ दिखाई दे रहा है। बहनें भाइयों के लिए पसंदीदा राखियां और अन्य सामग्री खरीदने में जुटी हैं।