पिंड में कबड्डी का रोमांच चरम पर, 780 खिलाड़ियों के बीच क्वार्टरफाइनल मुकाबले
पिंड में 70वीं जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले जारी, 780 खिलाड़ियों के बीच शनिवार को सेमीफाइनल और फाइनल होंगे।
तस्वीर में बड़ीसादड़ी में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी मैदान पर खेल रहे हैं।
बड़ीसादड़ी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पिंड में चल रही 70वीं जिला स्तरीय 19 वर्षीय छात्र वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। जिले भर से आए 780 खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखा रहे हैं। खिलाड़ियों की शानदार रेड, मजबूत डिफेंस और आखिरी क्षण तक जीत के लिए संघर्ष ने मुकाबलों में रोमांच बनाए रखा।
खेल मैदान के चारों ओर मौजूद दर्शक हर शानदार रेड और निर्णायक अंक पर तालियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। प्रतियोगिता में गांव की किसान महिलाएं भी घरेलू और खेती-किसानी के काम निपटाने के बाद बड़ी संख्या में मैदान पहुंचीं। उनकी सक्रिय सहभागिता से खेल मैदान का माहौल और जीवंत हो गया।
शुक्रवार को हुए मुकाबलों में घटियावली ने सेमलिया को हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। आयोजक टीम पिंड को सादी ने कड़े मुकाबले में पराजित किया। वहीं पीएम श्री कपासन को भालुड़ी ने, अरनिया पंथ को नपावली ने तथा मंडफिया (गंगरार) ने बड़वल को हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले शनिवार को समापन समारोह से पूर्व सुबह 8:00 बजे होंगे। सम्मान समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व डेयरी अध्यक्ष बद्रीलाल जाट (जगपुरा) होंगे।
शारीरिक शिक्षक एवं शारीरिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन उत्साहजनक है। ग्रामीणों और महिलाओं की सहभागिता से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ रहा है। प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के साथ अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का अवसर दे रही है।
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों, निर्णायकों, लेखन टीम और टीम प्रभारियों के भोजन एवं आवास की व्यवस्था ग्रामीणों और भामाशाहों के सहयोग से की जा रही है।
प्रतियोगिता के संचालन में मुख्य निर्णायक मिट्ठूलाल जाट, चंद्रकांत शर्मा, भेरूलाल जाट, प्रतियोगिता पर्यवेक्षक तेजपाल जणवा, संयोजक रजनीश पालीवाल, प्रधानाचार्य पंकज डांगी तथा शिक्षक भेरूलाल सालवी सहित आयोजन दल जुटा हुआ है।
प्रतियोगिता की गतिविधियों का लेखा-जोखा तैयार करने की जिम्मेदारी लेखन टीम प्रभारी पूरण प्रकाश शर्मा, घनश्याम स्वर्णकार, श्यामलाल खटीक, रामचंद्र सालवी, परमवीर राव सिंह, किशन लाल तेली, गोपाल लाल मेनारिया एवं ऋषभदेव गौड़ संभाल रहे हैं।
मुकाबले अब निर्णायक दौर में पहुंच चुके हैं। शनिवार को होने वाले सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों के साथ खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह बना हुआ है।