बोरखेड़ा में सेवा सेतु सप्ताह का अंतिम दिवस, पेंशन प्रकरण निपटा और तीन परिवहन पास जारी
बोरखेड़ा में सेवा सेतु सप्ताह के अंतिम शिविर में पेंशन प्रकरण का निस्तारण हुआ और वरिष्ठ जनों को राजस्थान परिवहन विभाग के तीन पास जारी किए गए।
बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय सेवा सेतु सप्ताह का अंतिम दिवस बोरखेड़ा में आयोजित हुआ। शिविर में पूजा के साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
इन शिविरों का शुभारंभ ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम के तहत भंडारी चौक बोहेड़ा में ‘एक दिया राष्ट्र के नाम’ कार्यक्रम से हुआ था। उक्त कार्यक्रमों का निर्देशन अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा कर रहे हैं, जबकि शिविरों का संचालन विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा के नेतृत्व में किया जा रहा है।
बोरखेड़ा शिविर में तहसीलदार बड़ी सादड़ी गेगा राम, नायब तहसीलदार सूर्य प्रकाश गाँछा, अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा, ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश चंद्र धाकड़, भगवत सिंह शक्तावत, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावेश चंपावत, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिशाषी अभियंता पीसी बेरवा, सहायक अभियंता अजय सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग से जयंत, पशुपालन विभाग से डॉक्टर राजू बीनके, कृषि विभाग से कन्हैया लाल धाकड़, चिकित्सा विभाग से डॉ मुशरिफ, परिवहन विभाग से हीरा लाल, ग्राम विकास अधिकारी सरिता सुथार और रामेश्वर लाल मेघवाल वरिष्ठ सहायक सहित अन्य मौजूद रहे।
शिविर में गणेश पिता मांगी लाल की पेंशन का लंबित प्रकरण निपटाकर पेंशन चालू की गई। पेंशन शुरू होने के बाद गणेश का चेहरा खुशियों से खिल उठा। वहीं वरिष्ठ जनों को राजस्थान परिवहन विभाग की ओर से तीन पास जारी किए गए। धन्ना मीणा लिंकोड़ा, लक्ष्मी लाल पिता रामचंद्र मेघवाल चारण खेड़ी और माँगी लाल पिता डालू गायरी बोरखेड़ा को हाथों-हाथ पास जारी किए गए।
अभियान के तहत बोरखेड़ा में आयोजित शिविर के बाद अब कल खरदेवदा और निकुम गिर्दावल मुख्यालय पर उक्त कैंप आयोजित होंगे। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाओं और लंबित प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी रहेगी।