तस्वीर में निकुंभ स्थित श्री चंदा माता मंदिर परिसर में सत्संग के दौरान उपस्थित अतिथि और श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।

निकुंभ कस्बे में स्थित श्री चंदा माता मंदिर में आयोजित 293वें साप्ताहिक भक्ति सत्संग में आस्था और श्रद्धा का संगम देखने को मिला। प्रातःकाल से ही आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और माता रानी के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्री चंदा माता सत्संग सेवा परिषद के संयोजक प्रेम सिंह सिसोदिया ने बताया कि यह भक्ति सत्संग हापाखेड़ी, चित्तौड़गढ़ निवासी आशा देवी, मोहनलाल, चिरंजीव कुमार और हितेश कुमार कीर परिवार की ओर से परिवार के मुकुल कुमार के उत्तम स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर आयोजित करवाया गया।

परिवारजनों से मिली जानकारी के अनुसार मुकुल कुमार ने 10 वर्ष पूर्व वाहन दुर्घटना में अपने दोनों पैर गंवा दिए थे। इसके बाद पहली बार उन्हें घर से 50 किलोमीटर दूर निकुंभ स्थित चंदा माता मंदिर में दर्शन और आशीर्वाद प्राप्ति के लिए व्हील चेयर पर बिठाकर लाया गया।

लाभार्थी परिवार सहित चिकारड़ा कस्बे के बालाजी मित्र मंडल और सत्संग परिवार का अभिनंदन अतिथि सत्कार समिति के बंशीलाल लोहार, किशन लाल गुर्जर, निलेश लोहार, ओमप्रकाश प्रजापत, हंसराज पितलिया और राम रतन जाट ने किया।

सत्संग में भजन प्रवाहक मनीष सोनी चिकारड़ा, भारत सिंह बिनोता, रोडमल काकाश्री, ममता जैन, बाल किशन सुथार सरवानिया और ललिता कुमावत ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। यशवंत कंप्यूटर्स की ओर से लाभार्थी परिवार को माता रानी की छवि भेंट की गई।

सत्संग आयोजन के मुख्य अतिथि गोवर्धन लाल देवत, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भदेसर का सत्संग परिषद की ओर से स्वागत किया गया। दिव्य मंगल आरती के पश्चात अतिथियों का आभार लाभार्थी मोहनलाल और चिरंजीव कुमार कीर ने जताया।

इस अवसर पर 21 सदस्यों की प्रसाद वितरण एवं प्रबंधन व्यवस्था समिति का गठन किया गया। यह समिति प्रत्येक रविवार को प्रसाद वितरण व्यवस्था में नियमित सहयोग करेगी। 293वें साप्ताहिक सत्संग में श्रद्धालुओं की सहभागिता और सेवा व्यवस्था के साथ आयोजन संपन्न हुआ।

Tags: