मातृकुंडिया के बाबा रामदेव मंदिर में कलश उद्यापन व यज्ञ संपन्न
| मारू बुनकर समाज के आयोजन में शोभायात्रा व 51 जोड़ों के यज्ञ के जरिए सामाजिक एकता और परंपराओं का निर्वहन हुआ।
मारू बुनकर समाज के कलश उद्यापन समारोह में रविवार को श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में भाग लिया।
आकोला। मातृकुण्डिया (कपासन) स्थित बाबा रामदेव जी मंदिर में आयोजित कलश उद्यापन समारोह श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। मारू बुनकर समाज छः चौकला के तत्वावधान में रविवार को हुए इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लिया। समारोह के चलते मंदिर परिसर में दिनभर मेले जैसा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर परिसर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा गांव के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर पहुंची। इसमें लाल रंग की एकसमान चुनरी धारण कर मातृशक्ति ने विशेष भागीदारी निभाई। बालिकाओं और बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत किए। वहीं, बाबा रामदेव जी और चारभुजा नाथ के भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
शोभायात्रा के समापन के बाद भोजन-प्रसादी का आयोजन हुआ। इसके पश्चात मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य यज्ञ सम्पन्न कराया गया। यज्ञ में 51 जोड़ों ने सपत्नीक बैठकर आहुतियां अर्पित कीं। सभी यजमान पारंपरिक सफेद धोती, जब्बा और साफा धारण कर भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए।
शाम करीब 6 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति हुई, जिसके बाद पुनः महाप्रसादी का वितरण किया गया। आयोजन के दौरान बच्चों के लिए झूले लगाए गए थे। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे समाजजनों के मेल-मिलाप और धार्मिक गतिविधियों के चलते मंदिर परिसर में देर शाम तक उत्सवी माहौल बना रहा।
समारोह को सफल बनाने में समाज के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन, युवाओं का उत्साह और मातृशक्ति का विशेष योगदान रहा। आयोजन में समाज अध्यक्ष रामेश्वर पंवार (उदयपुर), उपाध्यक्ष सुरेशचन्द्र बामनिया (चित्तौड़गढ़), सचिव भैरूलाल पड़ियार (गाडरियावास), कोषाध्यक्ष नारायणलाल जयपाल (धमाणा) तथा सहकोषाध्यक्ष पूरणमल भादरू (गंगापुर) सहित कार्यकारिणी के सदस्यों और बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता निभाई।