निम्बाहेड़ा के कल्लाजी वेदपीठ में देव प्रबोधनी एकादशी पर अन्नकूट महोत्सव के तहत सजा भोग दरबार।

चित्तौड़गढ़। मेवाड़ की धर्मनगरी निम्बाहेड़ा स्थित प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ पर देव प्रबोधनी एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान आराध्य राजाधिराज ठाकुरजी के दरबार में छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई गई। प्रभु के अनुपम शृंगार और दिव्य दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। मंदिर परिसर दिनभर भक्तिमय माहौल और जयकारों से गूंजता रहा।

महोत्सव के दौरान ठाकुरजी को नाना प्रकार के मिष्ठान, विविध व्यंजन, सूखे मेवे और मौसमी फलों से सुसज्जित छप्पन भोग श्रद्धापूर्वक अर्पित किया गया। भोग की आकर्षक सजावट के साथ प्रभु का मनोहारी शृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा। राजाधिराज के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर भक्तों ने स्वयं को धन्य महसूस किया।

संध्या वेला में ठाकुरजी की विशेष महाआरती आयोजित की गई। इस दौरान मंदिर परिसर दीपों की आभा, घंटियों की मधुर ध्वनि और श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने प्रभु के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। महाआरती के दौरान पूरा परिसर भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया।

251 थालों में सजे भोग में तुलसी-शालिग्राम की झांकी

संध्या महाआरती के साथ ठाकुरजी को नाना प्रकार के मिष्ठान, विविध व्यंजन, सूखे मेवे और मौसमी फलों से सुसज्जित 251 थाल अर्पित किए गए। इन थालों के बीच तुलसी और शालिग्राम के विराजमान होने से छप्पन भोग का दिव्य और मनोहारी दृश्य साकार हुआ। यह अनुपम झांकी कल्याण नगरी के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। प्रभु के राजसी वैभव और भव्य भोग के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे।

21 क्विंटल महाप्रसादी का हुआ वितरण

अन्नकूट महोत्सव के तहत करीब 21 क्विंटल महाप्रसादी तैयार की गई, जिसे श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने राजाधिराज ठाकुरजी का महाप्रसाद ग्रहण कर इसे प्रभु का आशीर्वाद बताया। भक्तों की सहभागिता के साथ महाप्रसादी वितरण का क्रम लगातार चलता रहा। 251 थालों में सजे भोग और 21 क्विंटल महाप्रसादी के वितरण के साथ श्री कल्लाजी वेदपीठ का अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।

Tags: