माहेश्वरी समाज के परिणय परिचय कार्यक्रम में जुटे परिवार, 30 युवक-युवतियों ने कराया बायोडाटा संकलन
न्यू मेवाड़ माहेश्वरी परिचय मित्रा के तत्वावधान में चित्तौड़गढ़ के प्रताप नगर स्थित महेश भवन में प्रथम बायोडाटा परिणय संगम एवं परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया।
न्यू मेवाड़ माहेश्वरी परिचय मित्रा द्वारा चित्तौड़गढ़ के महेश भवन में आयोजित बायोडाटा परिणय संगम कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समाज के गणमान्य अतिथि और महिलाएं।
चित्तौड़गढ़। माहेश्वरी समाज में विवाह योग्य युवक-युवतियों को परिचय का बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से न्यू मेवाड़ माहेश्वरी परिचय मित्रा के तत्वावधान में ‘बायोडाटा परिणय संगम-रिश्तों का कारवां’ अभियान के तहत प्रथम परिचय एवं बायोडाटा संकलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रताप नगर स्थित महेश भवन में हुए इस आयोजन में चित्तौड़गढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों और विभिन्न शहरों से आए करीब 25 से 30 विवाह योग्य युवक-युवतियों ने अपने माता-पिता के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन स्नेहलता भंडारी ने किया। न्यू मेवाड़ माहेश्वरी परिचय मित्रा की ओर से अतिथियों का मारवाड़ी साफा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिवारों को एक-दूसरे से परिचित होने तथा संवाद का अवसर मिला।
स्नेहलता भंडारी ने बताया कि समाज में आपसी परिचय और संवाद बढ़ाने वाले ऐसे आयोजन परिवारों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विवाह योग्य युवक-युवतियों एवं उनके परिवारों को एक मंच पर लाकर परिचय का अवसर उपलब्ध कराना समाजहित में उपयोगी पहल है।
कार्यक्रम में भरत नामधर, प्रदीप काबरा, रामेश्वर गदिया, महेंद्र कोठारी एवं राकेश जेथलिया सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे। महिला सहभागिता में कुंतल तोषनीवाल, कृष्णा समदानी, नीलिमा झंवर, चंदा नामधर, जया तोषनीवाल, ललिता मालू, लीला आगाल, रितु सोडाणी, सरस्वती रांधड़, प्रेम मानधना, नीतू तोषनीवाल, रीना जागेटिया, मंजू तोषनीवाल एवं अलका चोखड़ा सहित समाज की महिलाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगिनी महिला मंडल, प्रताप नगर की अलका चोखड़ा, मधु मालीवाल, सोनू मुंदड़ा, सीमा जागेटिया, लीला पोरवाल, प्रियंका कोठारी, राजश्री काबरा, डिंपल काबरा एवं पूजा गदिया ने सक्रिय सहयोग दिया। वहीं सांवरिया टीम की सुनीता डाड, मोनिका चांडक, मेनका सांमरिया, गीता झंवर, संगीता गगरानी, आशा पोरवाल एवं कोकिला पूंगलिया ने भी आयोजन में सहभागिता निभाई।
‘नई टीम, नया लक्ष्य, नाम एक-काम अनेक’ के संकल्प के साथ शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य समाज के परिवारों को एक-दूसरे से जोड़ना और विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए परिचय का सहज मंच उपलब्ध कराना है। प्रथम आयोजन में मिले उत्साह और सहभागिता के लिए संचालक स्नेहलता भंडारी एवं टीम ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।